अमेरिका में तहव्वुर राणा पर सुनवाई स्थगित
टोरंटो, 9 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिका की एक अदालत ने मुम्बई में 26/11 आतंकी हमले की साजिश रचने में डेविड कोलमैन हेडली की मदद करने वाले पाकिस्तानी मूल के कनाडाई नागरिक तहव्वुर हुसैन राणा के मामले पर सुनवाई मई तक के लिए स्थगित कर दी है।
इस मामले में सुनवाई 14 फरवरी से शुरू होनी थी लेकिन राणा के वकील की अर्जी को स्वीकार करते हुए अदालत ने अब इस मामले की सुनवाई 16 मई से शुरू करने का फैसला किया है।
शिकागो में आव्रजन सेवा कम्पनी संचालित करने वाले 49 वर्षीय राणा को तीन अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था। राणा पर वर्ष 2005 में पैगम्बर मोहम्मद साहब का विवादित चित्र प्रकाशित करने वाले डेनमार्क के समाचार पत्र के कार्यालय पर हमले की साजिश रचने का आरोप था।
जांचकर्ताओं ने बाद में पाया कि राणा मुम्बई हमले की साजिश रचने में डेविड हेडली की मदद भी कर रहा था। नवम्बर 2008 में हुए इस हमले में 160 लोगों की मौत हो गई थी।
मुंबई हमले की साजिश रचने के मामले में हेडली ने अपना गुनाह कबूल किया है लेकिन राणा का कहना है कि हेडली ने उसे धोखे में रखा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications