मुम्बई हमलों के आरोपी राणा के मामले की सुनवाई टली (लीड-1)
टोरंटो, 9 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिका की एक अदालत ने मुम्बई आतंकी हमले की साजिश रचने में डेविड कोलमैन हेडली की मदद करने के आरोपी पाकिस्तानी मूल के कनाडाई नागरिक तहव्वुर हुसैन राणा के मामले की सुनवाई बचाव पक्ष के अनुरोध पर तीन महीने तक के लिए स्थगित कर दी है।
इस मामले में सुनवाई 14 फरवरी से शुरू होनी थी लेकिन राणा के वकील की अर्जी को स्वीकार करते हुए अदालत ने अब इस मामले की सुनवाई 16 मई से शुरू करने का फैसला किया है।
शिकागो में आव्रजन सेवा कम्पनी संचालित करने वाले 49 वर्षीय राणा को गत तीन अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था। राणा पर वर्ष 2005 में पैगम्बर मोहम्मद के विवादित कार्टून प्रकाशित करने वाले डेनमार्क के समाचार पत्र के कार्यालय पर हमले की साजिश रचने का आरोप था।
जांचकर्ताओं ने बाद में पाया कि राणा ने मुम्बई हमले की साजिश रचने में डेविड हेडली की मदद भी की थी। नवम्बर 2008 में हुए इस हमले में 166 लोग मारे गए थे।
मुम्बई आतंकी हमले से पहले पाकिस्तानी मूल के ये दोनों व्यक्ति भारत दौरे पर आए थे। हेडली ने मुम्बई हमले की साजिश रचने का जुर्म कबूल किया है लेकिन राणा का कहना है कि हेडली ने उसे धोखे में रखा था।
गौरतलब है कि राणा और उसकी पत्नी वर्ष 1997 में कनाडा आए थे और वर्ष 2001 में कनाडाई नागरिकता हासिल की थी। पैगम्बर का कार्टून बनाने वाले और उसे प्रकाशित करने वाले अखबार के संपादक पर हमला करने से पहले हालात का जायजा लेने के लिए हेडली के साथ राणा ने डेनमार्क का दौरा किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications