सेंसेक्स, निफ्टी में इस सप्ताह करीब 4 प्रतिशत की गिरावट (साप्ताहिक समीक्षा)
बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के 30 शेयरों वाले संवेदी सूचकांक सेंसेक्स में इस सप्ताह 817.28 अंक की गिरावट दर्ज की गई। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला सूचकांक 229.9 अंक गिरकर बंद हुआ।
बीएसई में इस सप्ताह ऑटोमाबाइल्स, रियल्टी और बैंकिंग सूचकांकों में सबसे ज्यादा 6.5 प्रतिशत से 7.5 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। पूंजीगत वस्तुएं सूचकांक 4.8 प्रतिशत और धातु सूचकांक 3.5 प्रतिशत गिरकर बंद हुए। सूचना प्रौद्योगिकी, तेल एवं गैस, एफएमसीजी और हेल्थकेयर सूचकांक भी करीब एक प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।
बीएसई मिडकैप सूचकांक इस सप्ताह 332.01 अंक (4.26 प्रतिशत) गिरकर 7,470.7 अंक पर बंद हुआ। स्मॉलकैप सूचकांक भी 307.12 अंक गिरकर (3.1 प्रतिशत) 9,363.19 अंक पर बंद हुआ।
आटोमोबाइल्स क्षेत्र के शेयरों में इस सप्ताह भारी गिरावट दर्ज की गई। बजाज ऑटो का शेयर इस सप्ताह 15 प्रतिशत, टाटा मोटर्स 9 प्रतिशत और हीरो होंडा एवं मारुति 5.7 प्रतिशत लुढ़क गए।
वित्तीय क्षेत्र के शेयरों आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई और एचडीएफसी में 6 से 8.5 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।
देश में खाद्य महंगाई दर 25 दिसम्बर को समाप्त सप्ताह में बढ़कर 18.32 प्रतिशत हो गई जो इससे पहले के सप्ताह में 14.44 प्रतिशत थी। महंगाई दर में लगातार वृद्धि के चलते भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा ब्याज दरें बढ़ाए जाने की आशंका बढ़ी है जिसके चलते बाजार में दबाव की स्थिति रही।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications