हरियाणा के हिसार में 83 जोड़ों को मिली सुरक्षा
चण्डीगढ़, 8 जनवरी (आईएएनएस)। हरियाणा के हिसार जिले में उन 83 वयस्क जोड़ों को सुरक्षा मुहैया कराई गई है, जिन्होंने अपने अभिभावकों की इच्छा के विरुद्ध मंदिरों या अदालतों में विवाह किया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि उन जोड़ों को सुरक्षा मुहैया कराई गई है, जिन्होंने अपने अभिभावकों की इच्छा के विरुद्ध 2010 में विवाह किया है और उन्हें आशंका है कि उन पर परिजन या समुदाय के सदस्य हमला कर सकते हैं।
ज्ञात हो कि हरियाणा के कई इलाकों में हाल के महीनों में परिजनों या समुदाय की इच्छा के विरुद्ध विवाह करने वाले कई युवा जोड़ों पर हमले हो चुके हैं। कहीं उनकी हत्या कर दी गई तो कहीं उन्हें गांव छोड़ने को कहा गया।
हिसार पुलिस के एक प्रवक्ता ने शनिवार को कहा कि पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायलय के निर्देश पर पुलिस ने ऐसे जोड़ों के लिए न केवल 'सुरक्षा घर' बनाया है, बल्कि दो परिवारों के बीच मध्यस्थता कर विवादों को सुलझाने की दिशा में भी पहल शुरू कर दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications