तेलंगाना में प्रदर्शन जारी, प्रतिबंध के खिलाफ मीडिया एकजुट (राउंडअप)
हैदराबाद, 8 जनवरी (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश में पृथक तेलंगाना राज्य के लिए लगातार तीसरे दिन शनिवार को भी विरोध प्रदर्शन जारी रहा। उस्मानिया विश्वविद्यालय में स्थिति तनावपूर्ण है। हिंसक घटनाएं दिखाए जाने पर पुलिस ने एक चैनल को नोटिस जारी किया है। इस बीच तेलुगू चैनलों ने एकजुट होकर प्रतिबंध के खिलाफ लड़ने की योजना बनाई है।
तेलंगाना क्षेत्र के कांग्रेसी सांसदों, विधायकों एवं अन्य नेताओं ने रणनीति तय करने के लिए एक के बाद एक बैठकें कीं। उन पर तेलंगाना समर्थकों का दबाव है कि वे केंद्र सरकार पर पृथक राज्य के गठन के लिए संसद में विधेयक लाने का दबाव बनाएं।
नेताओं ने फैसला लिया कि वे उस्मानिया विश्वविद्यालय परिसर से पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों को वापस बुलाने तथा मीडिया पर लगी रोक हटाने के लिए राज्य सरकार पर दबाव डालेंगे।
उस्मानिया विश्वविद्यालय में छात्रों और पुलिस के बीच लगातार हो रहीं झड़पों के कारण तीसरे दिन शनिवार को भी तनाव जारी रहा। इस बीच परिसर में प्रवेश का प्रयास करते समय सांसद विजयाशांति को गिरफ्तार कर लिया गया।
'पुलिस दमन' के विरोध में जुलूस निकालने का प्रयास कर रहे छात्रों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसूगैस का इस्तेमाल किया और हवा में गोलियां चलाईं। पुलिस का कहना है कि स्थिति अभी भी तनावपूर्ण, लेकिन नियंत्रण में है।
इस बीच तेलांगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) की सांसद विजयाशांति को पुलिस ने शनिवार की शाम विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश करते समय गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मेडक की सांसद को उस समय मुख्यद्वार पर ही रोक दिया, जब वह अंदर जाने और छात्रों से बातचीत करने का प्रयास कर रही थीं।
टीआरएस नेता के. तारक रामाराव ने आरोप लगाया कि पुलिस विश्वविद्यालय परिसर में मानवाधिकारों को उल्लंघन कर रही है। उन्होंेने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार आंदोलन को कुचलने की साजिश रची है।
राज्य के मानवाधिकार आयोग की तथ्य खोज समिति ने विश्वविद्यालय परिसर का दौरा किया। समिति के सदस्य छात्रों से मिले। छात्रों ने उसके समक्ष पुलिस दमन की शिकायत की। आयोग ने तेलंगाना वकीलों की इस शिकायत के मद्देनजर नौ सदस्यीय समिति को परिसर में भेजा कि पुलिस शांतिपूर्ण आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है।
प्रदर्शकारियों ने राज्य के मंत्रियों, सांसदों एवं कांग्रेस तथा तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के विधायकों के आवासों की घेराबंदी की और उनसे इस्तीफे की मांग की।
उस्मानिया विश्वविद्यालय में छात्रों पर 'पुलिस दमन' के विरोध में टीआरएस के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं तथा तेलंगाना ज्वाइंट एक्शन कमेटी (टीजेएसी) की अन्य इकाइयों ने तेलंगाना क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में सड़कोंको अवरुद्ध किया।
प्रदर्शकारी सड़कों पर बैठ गए और घंटों तक वाहनों को नहीं चलने दिया। विरोध प्रदर्शन खम्माम, वारांगल, मेडक, नालगोंडा, करीमनगर, निजामाबाद, महबूबनगर और आदिलाबाद जिलों में किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने उस्मानिया विश्वविद्यालय परिसर से पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों को वापस बुलाने तथा पृथक तेलंगाना राज्य के लिए हो रहे प्रदर्शनों की खबर प्रसारित करने की मीडिया को छूट देने की मांग की।
उल्लेखनीय है कि पृथक तेलंगाना राज्य गठन सम्बंधी श्रीकृष्णा समिति की रिपोर्ट छह जनवरी को सार्वजनिक होने के बाद से उस्मानिया विश्वविद्यालय में तनाव व्याप्त है। तेलंगाना समर्थक छात्र संगठन इस रिपोर्ट का विरोध कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications