विहिप ने राममंदिर निर्माण के लिए संकल्प पारित किया
रामनाथी, 8 जनवरी (आईएएनएस)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के न्यासी मण्डल की तीन दिवसीय बैठक के दूसरे दिन यहां शनिवार को संकल्प पारित किया गया। संकल्प में राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण में मुस्लिम समुदाय से सहयोग करने की अपील की गई। मण्डल ने कहा कि हिंदू धर्मशास्त्र और परम्परा के अनुसार जन्मस्थान का स्वामित्व (मालिकाना हक) मात्र विराजमान रामलला का ही है।
संकल्प में कहा गया कि विहिप का न्यासी मण्डल अयोध्या में विवादित स्थल पर दिए गए इलाहाबाद उच्च न्यायालय के पीठ के फैसले का स्वागत करता है। मण्डल मानता है कि हनुमत शक्ति जागरण के धार्मिक अनुष्ठानों के परिणामस्वरूप ही हिंदू समाज को यह आंशिक सफलता मिली है और इसी अनुष्ठान से भविष्य में पूर्ण सफलता मिलेगी।
न्यायालय ने हिंदू समाज की आस्था को स्वीकार करते हुए भगवान राम के जन्मस्थान को विभाजित करने का निर्णय दिया है, यह हिंदू समाज को स्वीकार नहीं है। मण्डल की मान्यता है कि अयोध्या में श्रीराम जन्मस्थान पर भव्य मन्दिर बनाना न केवल हिंदू समाज बल्कि भारतीय मुस्लिम समाज के सम्मान का विषय भी है।
संकल्प में कहा गया, "हम प्रभु श्रीरामलला से प्रार्थना करते हैं कि देशभक्त भारतीय मुस्लिमों के हृदय में ऐसी चेतना जागृत हो कि वे मंदिर निर्माण के इस पवित्र संकल्प व अनुष्ठान में अपना सहयोग करें।"
मण्डल ने कहा कि मुस्लिम समाज के सामने एक स्वर्णिम अवसर उपस्थित हुआ है। वह स्वेच्छा से इस एक तिहाई भाग को भी विराजमान रामलला को समर्पित कर वषरें से चले आ रहे साम्प्रदायिक मन-मुटाव को दूर कर हिंदू समाज से मधुर सम्बंध बनाने का मार्ग प्रशस्त करें।
मण्डल स्पष्ट करता है कि हिंदू धर्मशास्त्र और परम्परा के अनुसार जन्मस्थान का स्वामित्व (मालिकाना हक) मात्र विराजमान रामलला का ही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications