विधायक हत्याकांड की सीबीआई जांच की सिफारिश
राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने शनिवार को यहां बताया कि पूर्णिया के विधायक राजकिशोर केसरी की हत्या की जांच सीबीआई को सौंपने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि गत चार जनवरी को पूर्णिया जिले के खजांची हाट थाना में दर्ज मामले की जांच सीबीआई द्वारा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने विधायक की हत्या की जांच सीबीआई से कराने के लिए केंद्र सरकार से सिफारिश की है।
उल्लेखनीय है कि पिछले मंगलवार को महिला रूपम पाठक ने विधायक केसरी की चाकू मारकर हत्या कर दी। इसके बाद रूपम को गिरफ्तार कर लिया गया। रूपम का आरोप है कि विधायक ने उसका यौन शोषण किया था। पुलिस ने इस मामले में गुरुवार को पूर्णिया के एक सप्ताहिक समाचार पत्र के संपादक नवलेश पाठक को भी गिरफ्तार किया।
उल्लेखनीय है कि बिहार के विपक्षी दलों सहित महिला संगठन भी इस हत्या की जांच सीबीआई से कराने की मांग कर रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications