उस्मानिया विश्वविद्यालय में तनाव जारी, विजयाशांति गिरफ्तार
हैदराबाद, 8 जनवरी (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के उस्मानिया विश्वविद्यालय में छात्रों और पुलिस के बीच लगातार हो रहीं झड़पों के कारण तीसरे दिन शनिवार को भी तनाव जारी है। इस बीच परिसर में प्रवेश का प्रयास करते समय सांसद विजयाशांति को गिरफ्तार कर लिया गया।
'पुलिस दमन' के विरोध में जुलूस निकालने का प्रयास कर रहे छात्रों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल किया और हवा में गोलियां चलाईं। पुलिस का कहना है कि स्थिति अब भी तनावपूर्ण, लेकिन नियंत्रण में है।
गौरतलब है कि विश्वविद्यालय परिसर में मीडिया के प्रवेश पर रोक जारी रहने के कारण अंदर हुईं घटनाओं के बारे में थोड़ी ही जानकारी उपलब्ध हो पाई।
इस बीच तेलांगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) की सांसद विजयाशांति को पुलिस ने शनिवार की शाम विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश करते समय गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मेडक की सांसद को उस समय मुख्यद्वार पर ही रोक दिया, जब वह अंदर जाने और छात्रों से बातचीत करने का प्रयास कर रही थीं।
टीआरएस नेता के. तारक रामाराव ने आरोप लगाया कि पुलिस विश्वविद्यालय परिसर में मानवाधिकारों का उल्लंघन कर रही है। उन्होंेने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार आंदोलन को कुचलने की साजिश रच रही है।
उल्लेखनीय है कि पृथक तेलंगाना राज्य गठन सम्बंधी श्रीकृष्णा समिति की रिपोर्ट छह जनवरी को सार्वजनिक होने के बाद से उस्मानिया विश्वविद्यालय में तनाव व्याप्त है। तेलंगाना समर्थक छात्र संगठन इस रिपोर्ट का विरोध कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications