असम में सत्ता में आएगी भाजपा : गडकरी
पार्टी की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के पहले दिन शनिवार को गडकरी ने इससे इतर संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "राज्य में व्याप्त भ्रष्टाचार और घोटालों से लोग तंग आ चुके हैं, इसलिए हमें विश्वास है कि असम में अगली सरकार हमारी पार्टी की ही गठित होगी।"
भाजपा नेता ने भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद को बढ़ावा देने के लिए कांग्रेस शासित केंद्र और राज्य सरकार की तीखी आलोचना की।
गडकरी ने कहा, "मुझे पूरा विश्वास है कि पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी परिवर्तन लाने और भाजपा को मत देने के लिए असम के लोगों को प्रेरित करेगी।"
उन्होंने सुदृढ़ विकास और क्षेत्र में सुशासन एवं रणनीति के जरिए सामाजिक परिवर्तन लाने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर के लिए दृष्टि-पत्र तैयार करने की बात पार्टी के एजेंडे में शामिल किए जाने का जिक्र भी किया।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, "असम एवं पूर्वोत्तर में कांग्रेस वर्षो से सत्तारूढ़ है, इसलिए यहां परिवर्तन की आवश्यकता है। हम सुशासन देने और यदि मौका दिया गया तो राज्य को भ्रष्टाचार मुक्त करने का वादा करते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications