ट्विटर को विकिलीक्स से जुड़े दस्तावेज सौंपने का आदेश
वाशिंगटन, 8 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिका के एक न्यायालय ने सोशल नेटवर्किं ग साइट ट्विटर को वेबसाइट विकिलीक्स से जुड़े दस्तावेजों को अमेरिकी न्याय विभाग को सौंपने का आदेश दिया है।
समाचार एजेंसी डीपीए ने टेलीविजन चैनल 'सीएनएन' की रिपोर्ट के हवाले से बताया कि यह दस्तावेज विकिलीक्स के संस्थापक जूलियन असांज और राजनयिक संदेशों को लीक करने के संदेह में गिरफ्तार अमेरिकी सेना के ब्रेडले मैनिंग के बीच सम्बंध स्थापित करते हैं।
सीएनएन के मुताबिक अमेरिका के राज्य वर्जीनिया में एक जिला न्यायालय ने यह आदेश पारित किया। न्यायालय ने सोशल नेटवर्किं ग साइट से "ग्राहक, उपयोगकर्ता, स्क्रीन नाम, मेलिंग और आवासीय पतों" के बारे में जानकारी मांगी है।
ज्ञात हो कि गत नवंबर से विकिलीक्स ने अमेरिकी गोपनीय राजनयिक संदेशों का खुलासा किया है।
अवैध तरीके से प्राप्त गोपनीय संदेशों का खुलासा करने पर अमेरिकी सरकार ने विकिलीक्स की कड़ी आलोचना की है और वह वेबसाइट अथवा असांज के खिलाफ आपराधिक अभियोग शुरू करने की सोच रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications