लालगढ़ हत्याकांड में 3 गिरफ्तार
राज्य के गृह सचिव जी. डी. गौतम ने बताया, "हत्या मामले में नेताई गांव में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अभी तक उनके राजनीतिक जुड़ाव के बारे में पता नहीं चल पाया है।"
उन्होंने कहा, "इस हत्याकांड में मरने वाले लोगों के राजनीतिक जुड़ाव के बारे में पता नहीं चल पाया है। हम उनके राजनीतिक पहचान के बारे में जानने की कोशिश कर रहे हैं।"
गौतम ने मीडियाकर्मियों से बातचीत में शुक्रवार को हालांकि कहा था कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और तृणमूल कांग्रेस के बीच राजनीति झड़प में सात लोग मारे गए हैं। उन्होंने इसमें नक्सलियों की भूमिका न होने की बात कही थी।
जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुकेश जैन ने कहा, "शुक्रवार शाम को एक दोमंजिली इमारत में छापेमारी की गई थी लेकिन वहां कोई मिला नहीं। मकान में से हथियार और विस्फोटक भी नहीं मिले।"
उन्होंने कहा, "मौके से एक बारुदी सुरंग विस्फोटक और कुछ खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। हमलावरों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।"
जैन ने कहा, "इस इलाके में भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और रेलमंत्री ममता बनर्जी के लालगढ़ दौरे के बाद चौकियां और बैरीकेड बनाए गए हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications