हिंसा के दृश्य दिखाने वाले तेलुगू चैनल को नोटिस
हैदराबाद, 8 जनवरी (आईएएनएस)। तेलंगाना आंदोलन से जुड़े प्रदर्शन संम्बंधी खबरों को लेकर मीडिया पर प्रतिबंध लगाने के लिए पहले ही आलोचनाओं का सामना कर रही हैदराबाद पुलिस ने उस्मानिया विश्वविद्यालय में हुई हिंसा के दृश्य प्रसारित करने पर शनिवार को एक तेलुगू चैनल को नोटिस जारी किया है।
राष्ट्रीय प्रसारक संघ (एनबीए) के दिशा-निर्देशों व केबल नेटवर्क रेग्युलेशन अधिनियम का उल्लंघन करने के आरोप में इस समाचार चैनल को नोटिस जारी किया गया है।
पुलिस आयुक्त ए.के. खान ने संवाददाताओं को बताया कि पुलिस अन्य चैनलों की भी निगरानी कर रही है और यदि वे दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करते हैं तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कुछ चैनल लोगों को भटकाने वाली कहानियां पेश कर रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक 'राज न्यूज' चैनल को नोटिस जारी किया गया है। यह तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) प्रमुख के. चंद्रशेखर राव के परिवार का चैनल है। चैनल ने शुक्रवार को पुलिसकर्मियों द्वारा दो युवाओं को पीटने के दृश्य प्रसारित किए थे।
विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों के विरोध व हिंसा के दृश्य प्रसारित करने पर गुरुवार और शुक्रवार को दो बार इस चैनल का प्रसारण बंद किया गया था।
खान का दावा है कि पुलिस ने मीडिया पर कोई नए प्रतिबंध नहीं लगाए थे। उन्होंने कहा, "एनबीए, केबल ऑपरेटर्स अधिनियम के दिशा-निर्देशों और उच्च न्यायालय के फैसलों में पहले ही ये बातें कही गई हैं जो चैनल्स को हिसा को बढ़ावा देने वाली हिंसक घटनाओं या दृश्यों के प्रसारण से रोकती हैं।"
उन्होंने कहा कि पहले से ही बने कानून व दिशा-निर्देशों के उल्लंघन पर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि पुलिस की तरह मीडिया को भी जिम्मेदारी के साथ काम करना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications