कछुआ पालन स्थल के नजदीक 10 गिरफ्तार
ये मछुआरे शुक्रवार शाम गहिरमाथा समुद्री अभयारण्य के नजदीक एक यंत्रचालित नौका में सवार होकर मछलियां पकड़ रहे थे। यह अभयारण्य भुवनेश्वर से 175 किलोमीटर दूर स्थित है।
प्रखंड वन अधिकारी (वन्यजीव) मनोज महापात्रा ने आईएएनएस को बताया, "पुलिस और वन्यजीव अधिकारियों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मछुआरों को स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।" उन्होंने बताया कि मछुआरों की नाव जब्त कर ली गई है।
गहिरमाथा दुनिया के सबसे बड़े कछुआ पालन केंद्रों में से एक है, जहां हर साल अक्टूबर और नवंबर के बीच 700,000-800,000 विलुप्तप्राय ओलिव रिडले कछुए समुद्री जल में इकट्ठे होते हैं और दिसम्बर से मार्च के बीच घरोंदे बनाते हैं।
हर साल मछली पकड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाली यंत्रचालित नावों के कारण हजारों कछुए मर जाते हैं। उड़ीसा सरकार एक नवंबर से 31 मई तक के लिए राज्य के 480 किलोमीटर तटीय क्षेत्र के 120 किलोमीटर क्षेत्र में मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगा देती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications