उत्तरी भारत में शीतलहर से जनजीवन पर असर (लीड-1)
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुबह घने कोहरे और कड़ाके की सर्दी के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, "जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा कोहरा छंटता जाएगा, लेकिन सर्दी का असर आने वाले दिनों में भी बरकरार रहेगा।"
दिल्ली में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान लगभग 15 डिग्री सेल्सियस के आस-पास बना रहेगा।
दिल्ली में शनिवार को घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से रेल और हवाई सेवाएं बुरी तरह से प्रभावित हुईं। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि घने कोहरे की वजह से लगभग एक दर्जन घरेलू और चार अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुईं।
रेलवे के एक अधिकारी के मुताबिक घने कोहरे की वजह से पूर्वा एक्सप्रेस, नीलांचल एक्सप्रेस, पश्चिम एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस और श्रमजीवी एक्सप्रेस सहित कई अन्य रेलगाड़ियों का परिचालन बाधित हुआ।
चण्डीगढ़ में घना कोहरा छाए होने की वजह से शनिवार को लगातार चौथे दिन भी हवाई अड्डा बंद रहा। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि बुधवार से विमान सेवाएं बंद हैं।
हरियाणा में सबसे सर्द नारनौल शहर रहा। शनिवार को यहां तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से तीन डिग्री कम है। हिसार में तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस रहा। अम्बाला और करनाल में तापमान क्रमश: 4.5 और चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा,"अगले दो दिनों तक मौसम की स्थिति ऐसी ही बनी रही।"
पंजाब के अमृतसर, लुधियाना और पटियाला शहरों में न्यूनतम तापमान क्रमश: 4.4, 4.2 और तीन डिग्री सेल्सियस रहा।
जम्मू एवं कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में स्थानीय मौसम विभाग के सहायक मौसम विज्ञानी ए. आर. जरगर ने बताया, "श्रीनगर में रातभर छाए रहे बादलों की वजह से शनिवार को न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई। यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो शुक्रवार को शून्य से 2.2 डिग्री नीचे था।"
उन्होंने बताया कि पहलगाम में शनिवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में यह शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
जरगर ने कहा, "लद्दाख क्षेत्र अभी भी कड़ाके की सर्दी की चपेट में है। लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 13.6 डिग्री सेल्सियस नीचे और कारगिल में यह 10.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया।"
सहायक मौसम विज्ञानी ने बताया, "समूचे राज्य में पश्चिमी विक्षोभ का असर बना हुआ है। हालांकि अब यह मामूली रूप से कमजोर पड़ चुका है। इसकी वजह से रविवार तक मैदानी भागों में बूंदाबांदी या हल्की बर्फबारी की संभावना है जबकि पहाड़ी इलाकों में मध्यम हिमपात के आसार हैं।"
उधर, बिहार में शुक्रवार की तुलना में शनिवार को तापमान में मामूली वृद्घि हुई, लेकिन पश्चिमोत्तर से आ रही सर्द हवाओं से आम आदमी परेशान है।
मौसम विभाग के मुताबिक पटना में शनिवार सुबह का तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो शुक्रवार की तुलना में अधिक है। गया का तापमान भी शनिवार को 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना सहित राज्य के कई हिस्सों में शनिवार को सुबह से ही कोहरा छाया रहा।
पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों ने शनिवार को बताया कि अगले 48 घंटे तक राज्य में शीतलहर में कोई सुधार नहीं होगा। धूप निकलने से अधिकतम तापमान में थेड़ी वृद्घि अवश्य होगी परंतु न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications