आगरा के रेलवे स्टेशनों से नदारद है पेठा
आगरा, 8 जनवरी (आईएएनएस)। आगरा का प्रसिद्ध पेठा अब इस ताज नगरी के रेलवे स्टेशनों पर नहीं दिख रहा है। इन स्टेशनों से गुजरने वाली रेलगाड़ियों में सवार यात्री अब पेठे के लजीज स्वाद का आनंद नहीं ले पा रहे हैं।
आगरा स्टेशनों पर रेलगाड़ियों के रुकने पर उनमें सवार यात्रियों का पेठा खरीदना बहुत आम बात है। अब रेलवे अधिकारियों और स्टेशनों पर पेठा बेचने की जिम्मेदारी सम्भालने वाली कम्पनी के बीच विवाद के चलते आगरा छावनी या राजा की मंडी स्टेशनों पर पेठे का स्वाद नहीं मिल पा रहा है।
कुछ लोग अब भी छोटे स्टेशनों पर गैरकानूनी तरीके से पेठा बेच रहे हैं।
अधिकारियों का कहना है कि जिस कम्पनी को पेठा बेचने का ठेका दिया गया था, वह इसमें रुचि नहीं ले रही है। नए ठेके के लिए टेंडर निकालने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
प्रखंडीय रेलवे प्रबंधक देवेश मिश्रा ने आईएएनएस से कहा, "हम इस मुद्दे को सुलझाने के लिए एक नियम बनाने पर काम कर रहे हैं लेकिन पेठे की आपूर्ति करने वाले निजी विक्रेता कोई रुचि नहीं ले रहे हैं और वास्तव में वे रेलवे को धोखा दे रहे हैं।"
मिश्रा ने कहा कि वह आगरा कैंट स्टेशन पर पेठे की बिक्री में 'रेलवे ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन' को शामिल करने पर विचार कर रहे हैं।
वैसे इस परेशानी की शुरुआत छह महीने पहले हुई थी।
'बृज मंडल हेरीटेज कंजर्वेशन सोसायटी' के अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा कहते हैं, "ताजमहल और पेठे के कारण आगरा को पूरे भारत में पहचाना जाता है। ऐसा कहा जा रहा है कि इस समस्या को सुलझाने में रेलवे अधिकारी काफी समय ले रहे हैं। उन्हें रेलवे स्टेशनों पर पेठे की बिक्री सुनिश्चित करनी चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications