कांग्रेस कर रही सीबीआई का दुरुपयोग : भाजपा
गुवाहाटी, 7 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार पर आरोप लगाया कि वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कुछ नेताओं को आतंकी हमलों के मामले में झूठे तौर पर फंसाने के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) का दुरुपयोग कर रही है।
भाजपा के महासचिव रवि शंकर प्रसाद ने यहां संवाददाताओं से कहा, "सीबीआई और अन्य जांच एजेंसियां चुनिंदा शिगूफा छोड़कर आरएसएस के कुछ नेताओं को फंसाने की कोशिश कर रही है, जो निंदनीय है।"
भाजपा नेता ने हालांकि किसी भी आरएसएस नेता का नाम नहीं लिया, जबकि प्रत्यक्ष रूप से मीडिया में खबर आ चुकी है कि स्वामी असीमानंद ने 2007 में हुए समझौता एक्सप्रेस विस्फोट के मामले में शामिल होना स्वीकार किया है।
असीमानंद की स्वीकारोक्ति की बाबत पूछने पर प्रसाद ने कहा, "असीमानंद ने जांच एजेंसी के दबाव में आकर विस्फोट में शामिल होना स्वीकार किया है, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के निशाने पर आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) है।"
प्रसाद ने कहा कि भाजपा इन नेताओं में से किसी के दोषी पाए जाने या आतंकी हमले में संलिप्तता के कारण कार्रवाई का स्वागत करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज एजेंसी।


Click it and Unblock the Notifications