क्वोत्रोच्चि के प्रत्यर्पण पर पहले गृह मंत्रालय करेगा विचार : कृष्णा
नई दिल्ली, 7 जनवरी (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा ने शुक्रवार को यहां कहा कि बोफोर्स दलाली मामले में गृह मंत्रालय के निर्णय के बाद उनका मंत्रालय इटली के व्यवसायी ओत्तावियो क्वोत्रोच्चि के प्रत्यर्पण के अनुरोध की प्रक्रिया शुरू करने के लिए तैयार है।
पत्रकारों ने कृष्णा से पूछा कि क्या सरकार क्वोत्रोच्चि को भारत लाने के लिए एक नई प्रत्यर्पण याचिका दायर करेगी, इस पर उन्होंने कहा, "प्रत्यर्पण के मुद्दे पर फैसला सम्बंधित मंत्रालय को लेना है। गृह मंत्रालय का निर्णय मिलने के बाद ही प्रत्यर्पण के लिए अनुरोध किया जा सकता है।"
उन्होंने कहा, "इसलिए, जब कभी भी गृह मंत्रालय का ऐसा निर्णय आता है तो हम प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू करने के लिए तैयार हैं।"
उल्लेखनीय है कि एक स्थानीय अदालत ने गुरुवार को सीबीआई की उस याचिका को सही ठहराया जिसमें कहा गया कि आयकर न्यायालय द्वारा क्वोत्रोच्चि पर भेजे गए नोटिस का सम्बंध बोफोर्स दलाली घोटाले के आपराधिक पहलू से नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications