विधायक की हत्या का आरोपी पत्रकार न्यायिक हिरासत में
नवलेश को दोपहर बाद कड़ी सुरक्षा के बीच पूर्णिया के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) डी़ एल़ प्रसाद के न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
गौरतलब है कि विधायक केसरी के भतीजे सुदीप केसरी के बयान पर दर्ज विधायक की हत्या के मामले में नवलेश को भी आरोपी बनाया गया है। इस मामले की मुख्य आरोपी महिला रूपम को गुरुवार को ही 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
उधर इस मामले पर राज्य में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। राज्य के कई महिला संगठनों ने मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है।
कांग्रेस नेता एवं पूर्व सांसद रंजीता रंजन ने इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि इस मांग को लेकर वह प्रधानमंत्री से भी मिलेंगी।
पूर्णिया संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ चुकीं पूर्व सांसद पप्पू यादव की मां शांतिप्रिया ने भी राज्य के राज्यपाल देवानंद कुंवर से मिलकर इस मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि विधायक की हत्या काफी दुखद है। मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है।
उल्लेखनीय है कि पिछले मंगलवार को महिला रूपम पाठक ने विधायक केसरी की चाकू से हत्या कर दी थी। घटना के बाद रूपम को गिरफ्तार कर लिया गया था। रूपम का आरोप है कि विधायक ने उसका यौन शोषण किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications