तेलंगाना मुद्दा : मंत्री ने दी पद छोड़ने की चेतावनी
हैदराबाद, 7 जनवरी (आईएएनएस)। तेलंगाना क्षेत्र से आंध्र प्रदेश में मंत्री जुपाल्ली कृष्णा राव ने शुक्रवार को यहां चेतावनी दी कि यदि संसद के बजट सत्र के दौरान पृथक तेलंगाना राज्य के गठन के लिए एक विधेयक नहीं लाया गया तो वह अपने पद से इस्तीफा दे देंगे।
राज्य के धर्मार्थ मंत्री राव ने पत्रकारों से कहा कि वह केंद्र सरकार से तेलंगाना राज्य के गठन के लिए तुरंत कदम उठाने की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर जाने के लिए भी तैयार हैं।
उन्होंने दावा किया कि संसद में विधेयक न आने पर तेलंगाना से आने वाले कांग्रेस प्रतिनिधि भी अपना पद छोड़ने के लिए तैयार हैं।
तेलंगाना के सासंदों और विधायकों ने शुक्रवार को यहां बैठक की। बैठक के बाद उन्होंने कहा कि उन्हें श्रीकृष्णा समिति की रिपोर्ट से कोई मतलब नहीं है।
उन्होंने तेलंगाना राज्य पर केंद्र सरकार द्वारा किए गए वादे को पूरा करने के लिए संसद में एक विधेयक लाने की मांग की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications