माकपा सड़क किनारे बैठक पर रोक के खिलाफ
नई दिल्ली, 7 जनवरी (आईएएनएस)। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने केरल में सड़क किनारे जनसभा करने और रैली निकालने पर रोक लगाए जाने के सर्वोच्च न्यायालय के फैसले को 'बेहद दुर्भाग्यपूर्ण' बताया।
अदालत के फैसले के एक दिन बाद यहां जारी एक बयान में माकपा ने कहा, "यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि सर्वोच्च न्यायालय ने केरल उच्च न्यायालय के फैसले को बरकरार रखा।"
बयान में कहा गया है, "राजनीतिक दल एवं अन्य संगठन आमतौर पर सड़क किनारे सभाएं करते रहे हैं। केरल में शहरी और ग्रामीण क्षेत्र आपस में जुड़े हुए हैं जहां सड़क किनारे सभाएं हुआ करती हैं, क्योंकि वहां लोगों को पहुंचने में काफी आसानी होती है।"
माकपा ने कहा, "न्यायपालिका ने यह फैसला प्रदर्शन, रैलियों और आम हड़ताल पर प्रतिबंध लगाने के सिलसिले में लिया है।"
बयान में कहा गया है, "यह फैसला लोकतंत्र के हित में नहीं है। जनसभा और प्रदर्शन करने के अधिकार की रक्षा के लिए राज्य विधानमंडलों और संसद में विधेयक लाया जाना चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications