उत्तर भारत में सर्द हवाओं का दौर जारी (राउंडअप)
जम्मू एवं कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर तथा राजस्थान में गुरुवार रात बादल छाए रहने के कारण शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई लेकिन पंजाब, हरियाणा, बिहार, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली में कमोवेश स्थिति पहले जैसी ही बनी हुई है। उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटों में 59 लोगों की जान गई है जबकि बिहार में इस दौरान 36 लोग सर्दी की बेरुखी का शिकार हुए हैं।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है।
उत्तर प्रदेश में कड़ाके की सर्दी जारी है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड व ठिठुरन से राहत मिलने की सम्भावना से इंकार किया है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार सर्दी की स्थिति में सुधार के आसार नहीं है।
बीते 24 घंटों के दौरान आगरा राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से पांच डिग्री कम है। इसके अलावा झ्झांसी का 1.8, मेरठ का 3.9, कनपुर का 4.8, वाराणसी का न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। लखनऊ का न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम है।
राज्य में सर्दी से अब तक कुल 59 लोगों के मौत की खबर है।
ताजनगरी आगरा में शुक्रवार सुबह पूरी तरह घना कोहरा छाया रहा। इसकी वजह से दृश्यता में कमी देखी गई और कई रेलगाड़ियों की आवाजाही बाधित हुई।
अधिकारियों ने बताया कि इस इलाके में हाड़ कंपा देने वाली सर्दी के कारण मैनपुरी में गुरुवार को तीन लोगों की मौत हो गई। साथ ही मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद और एटा में भी ठंड से एक-एक व्यक्ति की जान जा चुकी है।
बिहार में पिछले चौबीस घंटों में सर्दी से 36 लोगों की मौत होने की सूचना है। पिछले चौबीस घंटे के दौरान सर्दी से सारण जिले में सबसे ज्यादा छह लोगों की मौत हो गई है। इसी तरह गया में चार, शेखपुरा में चार, वैशाली में चार, कैमूर में तीन, पश्चिमी चम्पारण, रोहतास, नवादा, गोपालगंज, लखीसराय, भागलपुर और दरभंगा में दो-दो जबकि नालंदा जिले में एक व्यक्ति की मौत हो गई है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक शुक्रवार इस मौसम का सबसे सर्द दिन रहा। पटना में न्यूनतम तापमान जहां 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं गया का तापमान गिरकर 2.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, जो इस मौसम का सबसे कम तापमान है।
चण्डीगढ़ और आसपास के शहरों में कई दिनों से जारी सर्द हवाओं और कोहरे के बीच आखिरकार शुक्रवार को दोपहर बाद धूप खिली। इससे लोगों को थोड़ी राहत मिली। हवाई अड्डा प्रशासन ने उड़ानों के शुरू होने की संभावना जताई है।
हरियाणा में सबसे सर्द नारनौल शहर रहा। शुक्रवार को यहां तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से चार डिग्री कम है।
चण्डीगढ़ में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से तीन डिग्री कम है। पंजाब के अमृतसर, लुधियाना और पटियाला शहरों में न्यूनतम तापमान क्रमश: पांच, चार और 2.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
जम्मू एवं कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में गुरुवार रातभर बादल छाए रहने के कारण शुक्रवार को तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई।
श्रीनगर में स्थानीय मौसम विभाग के सहायक मौसम विज्ञानी बिलाल अहमद ने बताया, "श्रीनगर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो गुरुवार की तुलना में कुछ अधिक है।"
उन्होंने बताया, "गुरुवार को रातभर छाए रहे बादलों की वजह से तापमान में वृद्धि हुई है। हमें घाटी के मैदानी भागों में हल्की और पहाड़ी हिस्सों में मध्यम बर्फबारी की संभावना है।"
अहमद ने कहा, "लद्दाख क्षेत्र के लेह और कारगिल में न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से 9.8 व 10 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।"
उन्होंने ने बताया,"उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और दक्षिणी कश्मीर के पहलगाम में यह शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।"
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला सहित कसौली और मनाली में शुक्रवार को धूप खिली। इससे लोगों ने कंपकपाती सर्दी से मामूली राहत महसूस की।
शिमला में मौसम केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि कुल्लू जिले के भूंतर और कांगड़ा जिले के धर्मशाला में अधिकतम तापमान क्रमश: 18.5 और 18.6 सेल्सियस दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications