पटरियों पर पुलिसकर्मी का शव मिला, हत्या की आशंका
मिर्जापुर, 7 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर-प्रदेश के मिर्जापुर में एक पुलिसकर्मी का शव पटरियों पर पाया गया। पुलिस उसकी हत्या होने की आशंका जताई है।
सिपाही महानारायण तिवारी (52) का शव गुरुवार शाम को झ्झिंगुरा रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे लाइन पर क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा मिला। तिवारी बीते चार साल से मिर्जापुर जिला अपराध अभिलेख ब्यूरो (डीसीआरबी) में तैनात थे।
पंडरी थाना प्रभारी रमेश चौबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है कि पहले पुलिसकर्मी की हत्या की गई और फिर दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को चलती रेलगाड़ी के आगे फेंक दिया गया।
चौबे ने कहा कि घटनास्थल से कुछ दूरी पर खून के निशान मिले हैं जिससे संकेत मिलते हैं कि सिपाही को पटरियों के पास लाने के लिए घसीटा गया। उन्होंने आगे कुछ भी बताने से इंकार कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक हत्या का मकसद लूट नहीं था क्योंकि पुलिसकर्मी के पास से नकदी और मोबाइल बरामद किया गया है। महानारायण इलाहाबाद में रहते थे और वहीं से प्रतिदिन मिर्जापुर आते-जाते थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications