छात्रों पर गोलीबारी के विरोध में तेलंगाना क्षेत्र में बंद
हैदराबाद, 7 जनवरी (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के उस्मानिया विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों पर हुई पुलिस गोलीबारी के विरोध में शुक्रवार को हैदराबाद के कई हिस्सों और तेलंगाना क्षेत्र के नौ जिलों में दुकानें, व्यावसायिक प्रतिष्ठान एवं शैक्षिक संस्थाएं बंद रहीं।
बंद का आह्वान उस्मानिया विश्वविद्यालय ज्वाइंट एक्शन कमेटी (ओयूजेएसी) और तेलंगाना ज्वाइंट एक्शन कमेटी सहित पृथक राज्य के लिए संघर्षरत विभिन्न समूहों ने किया है।
उस्मानिया विश्वविद्यालय परिसर में पुलिस की कार्रवाई तथा आंध्र प्रदेश के एकीकरण की सिफारिश करने वाली श्रीकृष्णा समिति के विरोध में राज्य के निजामाबाद, वारंगल, करीमनगर और मेडक जिलों में दुकानें एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे।
तेलंगाना ज्वाइंट एक्शन कमेटी ने सरकारी कर्मचारियों का भी आह्वान किया कि वे दोपहर के भोजनावकाश के दौरान प्रदर्शन करें।
गौरतलब है कि उस्मानिया विश्वविद्यालय तेलंगाना आंदोलन का मुख्य केंद्र रहा है, जहां श्रीकृष्णा समिति की रिपोर्ट सार्वजनिक होने के अगले दिन परिसर में हिंसा भड़क उठी।
विश्वविद्यालय के आस-पास के इलाकों में सन्नाटा छाया रहा और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। शहर के अन्य हिस्सों में हालांकि सामान्य जन-जीवन पर कोई असर नहीं पड़ा।
इससे पहले विश्वविद्यालय परिसर में गुरुवार देर रात तक पुलिस और छात्रों के बीच हिंसक झड़पें जारी रहीं। छात्रों को तितर-बितर करने में नाकाम रहने पर पुलिस ने बाद में रबड़ की गोलियां दागीं और आसूं गैस के गोले छोड़े।
छात्रों की पत्थरबाजी में एक वरिष्ठ अधिकारी सहित कम से कम एक दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस के बल प्रयोग की वजह कई छात्र भी घायल हो गए। इनमें से दो छात्रों को गोली लगी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सरकार ने मीडिया को हिंसक घटनाओं की खबरें प्रसारित करने से रोक दिया है। इस कारण किसी भी टेलीविजन चैनल ने पूरे दिन झड़पें जारी रहने सम्बंधी खबर प्रसारित नहीं कीं। इससे पुलिस को यह मदद मिली कि विश्वविद्यालय परिसर से बाहर हिंसा नहीं फैल सकी।
शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस बलों को तैनात किया गया, ताकि छात्रों को प्रदर्शन करने से रोका जा सके। परिसर में गुरुवार को उस समय तनाव व्याप्त हो गया था, जब छात्रों ने श्रीकृष्णा समिति की रिपोर्ट के विरोध में रैली निकालने का प्रयास किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications