राम मंदिर के लिए विहिप बना रही योजना : तोगड़िया
रामनाथी, 7 जनवरी (आईएएनएस)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के अंतर्राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण तोगड़िया ने शुक्रवार को यहां कहा कि परिषद अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए वर्ष 1990 के मध्य जैसा एक आक्रामक राष्ट्रव्यापी आंदोलन की योजना बना रहा है।
उन्होंने बताया कि विहिप के शीर्ष न्यासी बोर्ड का तीन दिवसीय सम्मेलन शुक्रवार को यहां शुरू हुआ है। इस सम्मेलन में अयोध्या में विवादित 67 एकड़ की भूमि पर निर्मित होने वाले मंदिर के लिए आंदोलन की रूपरेखा बनाई जाएगी।
पणजी से 40 किलोमीटर दूर स्थित रामनाथी मंदिर परिसर में विहिप के अंतर्राष्ट्रीय महासचिव तोगड़िया ने पत्रकारों से उल्लेख किया कि आंदोलन के जरिए विहिप अपनी शक्ति का प्रदर्शन करेगी जिससे कि संसद अयोध्या में भूमि सौंपने के लिए कानून पारित करे।
तोगड़िया ने कहा, "हनुमान शक्ति जागरण प्रक्रिया कब शुरू करनी है इसके बारे में हम विचार करेंगे। यह आंदोलन रामजन्मभूमि मंदिर निर्माण की दिशा में अंतिम लोकतांत्रिक संघर्ष होगा। वर्ष 1990 के मध्य जैसा उत्साह इस आंदोलन में दिखेगा।"
उन्होंने कहा, "विहिप किसी न्यायालय में चलने वाले मुकदमे में पक्ष नहीं है। हम 35 फिट में मंदिर का निर्माण करने से संतुष्ट नहीं हैं। हम अयोध्या में पूरे 67 एकड़ में मंदिर का निर्माण चाहते हैं।"
उल्लेखनीय है कि गोवा में चल रहे तीन दिवसीय सम्मेलन में 250 से अधिक शीर्ष पदों वाले शिष्टमंडल सहित परिषद के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल और अंतर्राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एस. वेदांतम हिस्सा ले रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications