नेपाली निजी एयरलाइन की भारत के लिए उड़ान शुरू
काठमांडू, 7 जनवरी (आईएएनएस)। नेपाल से भारत के लिए शुक्रवार को पहली निजी विमान सेवा शुरू होने जा रही है।
नेपाली की निजी विमानन कम्पनी बुद्धा एयर शुक्रवार शाम उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लिए पहली उड़ान भरेगी।
घरेलू विमान सेवा संचालित करने वाली बुद्धा एयर ने पिछले साल भूटान के लिए उड़ान शुरू कर अंतर्राष्ट्रीय उड्डयन क्षेत्र में कदम रखा था।
बुद्धा के रुपेश जोशी ने आईएएनएस से कहा कि फिलहाल वे 47 सीटों वाली विमान से सेवा शुरू कर रहे हैं। यात्रियों की संख्या बढ़ने के बाद मार्ग पर बड़े विमान लगाए जा सकते हैं। मार्च तक कोलकाता के लिए भी सेवा शुरू की जा सकती है।
नेपाल में नौ जगहों के लिए सेवाएं देने वाली बुद्धा एयर शुरू में तीन दिन शाम बुधवार, शुक्रवार और रविवार को लखनऊ के लिए उड़ान संचालित करेगी और उसी रात वापसी भी होगी।
विमान पहली उड़ान में पांच यात्रियों को लेकर लखनऊ जाएगा, लेकिन वापसी में 44 यात्रियों को अपने साथ लाएगा। इस मार्ग पर किराया हवाईअड्डा शुल्क को छोड़कर 3,500 रुपये होगा।
जोशी ने कहा कि कम्पनी को भारत सरकार ने लखनऊ, पटना, वाराणसी और कोलकाता के लिए सेवा शुरू करने की इजाजत दी है।
बुद्धा एयर नेपाल से भारत में सेवा शुरू करने वाली पहली निजी विमानन कम्पनी बन गई है। नेपाल की एक राष्ट्रीय विमानन कम्पनी नई दिल्ली के लिए उड़ान भरती है, लेकिन इसे विमान यात्रियों के बीच भरोसेमंद नहीं माना जाता है।
एक अन्य सस्ती विमान सेवा कम्पनी कॉस्मिक एयर ने भी भारत के लिए पहले उड़ान सेवा शुरू की थी, लेकिन वित्तीय संकट के कारण बाद में यह बंद हो गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications