बिहार में शीतलहर से 36 लोगों की मौत
पिछले चौबीस घंटे के दौरान सर्दी से सारण जिले में सबसे ज्यादा छह लोगों की मौत हो गई है। इसी तरह गया में चार, शेखपुरा में चार, वैशाली में चार, कैमूर में तीन, पश्चिमी चम्पारण, रोहतास, नवादा, गोपालगंज, लखीसराय, भागलपुर और दरभंगा में दो-दो जबकि नालंदा जिले में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। वैसे जिला प्रशासन ने राज्य में जगह-जगह अलाव जलाने की व्यवस्था की है लेकिन यह इंतजाम भी नाकाफी साबित हो रहा है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक शुक्रवार इस मौसम का सबसे सर्द दिन रहा। पटना में न्यूनतम तापमान जहां 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं गया का तापमान गिरकर 2.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, जो इस मौसम का सबसे कम तापमान है।
इस बीच पटना सहित राज्य के करीब सभी क्षेत्रों में बादल छाए रहने और 10 से 14 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से सर्द हवाएं बहने के कारण लोग घरों में दुबके हुए हैं। राज्य में अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान में अंतर बहुत कम होने के कारण लोग चौबीस घंटे सर्दी से ठिठुर रहे हैं।
मौसम विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक अगले चौबीस घंटे तक शीतलहर जारी रहेगी व तापमान में और गिरावट आने की सम्भावना है। आसमान पर बादल छाने से धूप निकलने की उम्मीद नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications