बिहार विधायक हत्याकांड : आरोपी महिला न्यायिक हिरासत में
रूपम को दोपहर बाद कड़ी सुरक्षा के बीच कटिहार अस्पताल से पूर्णिया के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) डी़ एल़ प्रसाद की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने रूपम को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
उधर पटना में रूपम की मां कुमुद मिश्रा ने राज्य मानवाधिकार आयोग और राज्य महिला आयोग कार्यालय पहुंचकर अपनी बेटी के लिए न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए एक बार फिर रूपम के आरोप को दोहराते हुए कहा कि विधायक ने रूपम का यौन शोषण किया।
कुमुद ने कहा कि उन्हें अपनी बेटी रूपम पर गर्व है। उन्होंने कहा कि इस मामले में निष्पक्ष जांच हो। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर पूरा भरोसा है। कुमुद ने हालांकि मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से करवाने की मांग की है।
गौरतलब है कि रूपम पर आरोप है कि पिछले मंगलवार को उसने विधायक केसरी की चाकू से हत्या कर दी थी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। रूपम का आरोप है कि विधायक ने उसका यौन शोषण किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications