डाबर नेपाल ने निर्माण तिथि सम्बंधी गलती स्वीकारी
काठमांडू, 6 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय बहुराष्ट्रीय कम्पनी डाबर इंडिया समूह की स्वतंत्र कम्पनी डाबर नेपाल ने फलों के जूस के डिब्बों पर वास्तविक निर्माण तिथि से बाद की तिथि अंकित करने के मामले में अपनी गलती स्वीकार कर ली है और पांच करोड़ नेपाली रुपये का मुचलका भरा है। कम्पनी के दो अधिकारियों से पिछले तीन दिनों से पूछताछ की जा रही थी।
नेपाली जांच एजेंसी कमीशन फॉर इंवेस्टीगेशन ऑफ एब्यूज ऑफ अथॉरिटी (सीआईएए) के वरिष्ठ अधिकारी समीर सिलवल ने आईएएनएस से कहा कि कम्पनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी उदयन गांगुली और उत्पादन प्रमुख इंद्रनील गुप्ता को तीन दिनों की पूछताछ और उसके बाद पांच करोड़ नेपाली रुपये जमा करने के बाद बुधवार को पूछताछ से मुक्त कर दिया गया।
सिलवल ने कहा कि भविष्य में जरूरत पड़ने पर उन्होंने पूछताछ के लिए उपस्थित होना कबूल किया है।
सिलवल ने कहा कि रविवार से जारी पूछताछ के दौरान दोनों अधिकारियों ने गलती स्वीकार की।
पिछले महीने सीआईएए ने डाबर नेपाल के बारा जिला स्थित गोदाम पर छापा मारा था। छापे में रियल और रियल एक्टिव ब्रांड के फल के जूस के 74,000 बंद कार्टून बरामद किए गए थे। इन पर जूस की उत्पादन की वास्तविक तिथि से बाद की तिथि छपी हुई थी।
उधर गोदाम से लिए गए जूस के नमूने की जांच में उसे क्लीन चिट दे दिया गया है।
इस दौरान तमाम विवादों के बावजूद नेपाल के दुकानों और सुपरमार्केट में रियल और रियल एक्टिव ब्रांड के जूस की बिक्री जारी रही। कम्पनी ने प्रचार अभियान को हालांकि फिलहाल रोक दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications