गवर्नर तासीर का हत्यारा न्यायालय में पेश
इस्लामाबाद, 6 जनवरी (आईएएनएस)। पंजाब प्रांत के गवर्नर सलमान तासीर के हत्यारे मुम्ताज कादरी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गुरुवार को रावलपिंडी के समीप पाकिस्तान के आतंकवाद निरोधी न्यायालय (एटीसी) के समक्ष पेश किया गया।
टेलीविजन चैनल 'जिओ टीवी' के मुताबिक बुधवार को एक दंडाधिकारी ने कादरी को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेजा था। उन्होंने कादरी को अगले दिन आतंकवाद निरोधी न्यायालय में पेश करने के लिए पुलिस को निर्देश दिया था।
कादरी की पेशी के समय न्यायालय के बाहर सैकड़ों की संख्या में लोग एकत्र थे। कादरी के वकील फारूख सुल्हेरिया ने बताया, "पुलिस ने कादरी पर हत्या, आतंकवाद और हिंसा का अभियोग लगाया है।"
ज्ञात हो कि पुलिस ने पंजाब के गवर्नर की हत्या के सिलसिले में बुधवार को एक मामला दर्ज किया। कोहसार पुलिस स्टेशन में तासीर के पुत्र शहरयार तासीर ने शिकायत दर्ज कराई।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान में इस्लामी आतंकवाद के मुखर विरोधी गवर्नर तासीर की मंगलवार को इस्लामाबाद के एक बाजार में कादरी ने गोली मारकर हत्या कर दी। वह गवर्नर की सुरक्षा में तैनात था।
कादरी ने कहा कि देश के धार्मिक कानून का विरोध करने पर उसने तासीर की हत्या की। तासीर की हत्या करने के बाद कादरी ने स्वयं को अधिकारियों के हवाले कर दिया।
लाहौर के कैवेलरी ग्राउंड में बुधवार को राजकीय सम्मान के साथ तासीर को दफनाया गया। इस मौके पर प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी, विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी और गृह मंत्री रहमान मलिक सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications