पश्चिम बंगाल में बम विस्फोट, 1 की मौत
कोलकाता, 6 जनवरी (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में गुरुवार को रेलवे स्टेशन पर एक डिब्बे में रखे बम के फटने से हुए विस्फोट में एक 70 वर्षीय पुरुष की मौत हो गई और दो महिलाएं घायल हुई हैं।
रेलवे सूत्रों के मुताबिक पूर्वी रेलवे के हावड़ा-वर्दवान लाइन के बैद्यबती रेलवे स्टेशन पर दोपहर करीब 2.10 बजे यह घटना हुई।
पूर्वी रेलवे के प्रवक्ता ने बताया, "एक बुजुर्ग ने रेल की पटरियों पर पड़ा टिफिन बॉक्स उठाया, जब वह उसे खोलने की कोशिश कर रहा था, तभी वह फट गया। विस्फोट में बुजुर्ग की मौत हो गई और दो महिलाएं घायल हो गईं।" उन्होंने बताया कि यह विस्फोट बहुत शक्तिशाली था।
शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "यदि सुबह के समय बम विस्फोट होता तो ज्यादा क्षति हो सकती थी। विस्फोट दोपहर के समय हुआ, उस समय प्लेटफार्म लगभग खाली रहता है।"
घटना के बाद रेल लाइन पर कुछ समय के लिए सेवाएं रोक दी गई थीं लेकिन अब रेलगाड़ियां चल रही हैं।
रेलवे पुलिस अधीक्षक (हावड़ा प्रखंड) रबींद्रनाथ मुखर्जी ने बताया, "नजदीक के सियोराफुली स्टेशन से जीआरपी का एक दल बैद्यबती स्टेशन पहुंच गया था।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications