मेघालय के कई अन्य क्षेत्रों में कर्फ्यू लगाया गया
दोनों समुदायों के बीच बुधवार को हिंसक झड़प में चार लोगों की मौत हो गई जबकि आठ गम्भीर रूप से घायल हो गए। नए वर्ष के दिन दोनों समुदायों के बीच हिंसक झड़पों के बाद से ही हजारों लोगों को इन इलाकों से विस्थापित होना पड़ा है।
पूर्वी गारो पर्वतीय क्षेत्र के जिला उपायुक्त प्रवीण बक्शी ने आईएएनएस को बताया, "बुधवार रात की हिंसा के बाद पूरे रेसूबेलपारा उपमंडल में कर्फ्यू लगा दिया गया।"
बक्शी ने कहा कि पूर्वी गारो पर्वतीय जिले के हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस, सेना की मदद ले रही है।
बक्शी ने बताया कि स्थिति तनावपूर्ण किन्तु नियंत्रण में है।
उल्लेखनीय है कि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की तीन कम्पनियों के अलावा राज्य पुलिस की दो कम्पनियों को भी मेंदीपाथर और उससे सटे कर्फ्यू वाले इलाकों में तैनात किया गया है।
उधर, मुख्यमंत्री मुकुल संगमा इस मुद्दे को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री पी. चिदम्बरम और असम के मुख्यमंत्री तरूण गोगोई के साथ सम्पर्क बनाए हुए हैं।
संगमा ने कहा, "मैं समझता हूं कि इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए असम और मेघालय को संयुक्त रूप से प्रयास करने की जरूरत है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications