महिलाओं की सुरक्षा पर ध्यान देगी दिल्ली पुलिस
पुलिस आयुक्त बी.के. गुप्ता ने दिल्ली पुलिस के सालाना संवाददाता सम्मेलन में कहा, "तीन जिलों में तीन महिला उपायुक्त हैं और चार स्थानों पर महिला थाना प्रभारी (एसएचओ) हैं। हम उनकी संख्या और बढाएंगे।"
पिछले साल राष्ट्रीय राजधानी में महिलाओं के साथ दुष्कृत्य की घटनाएं बढ़ने के बाद से उनकी सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पिछले साल पूर्वोत्तर की एक बीपीओकर्मी के साथ दुष्कृत्य के साथ इस तरह की अन्य घटनाएं भी सामने आई थीं।
गुप्ता ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसरों में महिलाओं को अधिक सुरक्षा मुहैया कराने के लिए मोरिस नगर थाने का नाम बदलकर नॉर्थ कैम्पस थाना किया जाएगा और दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैम्पस के लिए भी एक पुलिस थाना शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि महिला कॉलेजों के बाहर महिला पुलिस अधिकारी वैनों में सवार होकर गश्त लगाएंगी। गुप्ता ने बताया कि सभी थानों में महिलाओं की मदद के लिए एक हेल्पडेस्क होगी, जहां महिला अधिकारी ही बैठेंगी।
गुप्ता ने कहा कि यात्री बसों में महिलाओं की सुरक्षा का ख्याल रखने के लिए अधिक महिला अधिकारियों को तैनात किया जाएगा। खासकर सुबह व शाम ऐसा किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications