हवाई एम्बुलेंस के लिए हेलीकॉप्टरों पर नजर
नई दिल्ली, 6 जनवरी (आईएएनएस)। आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराने और देशभर में मरीजों को लाने-ले जाने के लिए स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में कार्यरत कम्पनियों की नजर अब हेलीकॉप्टरों पर है। ये कम्पनियां हवाई एम्बुलेंस उपलब्ध कराना चाहती हैं।
दिल्ली स्थित ओएसएस एयर मैनेजमेंट ने इसकी शुरुआत कर दी है। इस कम्पनी ने दो अगस्टा वेस्टलैंड एडब्ल्यू-109 हैलीकॉप्टर खरीदें हैं। इसके साथ ही इस साल के मध्य तक बेंगलुरू में पहली हेलीकॉप्टर एम्बुलेंस सेवा शुरू हो जाएगी।
ओएसएस एयर के कार्यकारी अधिकारी वी. कृष्णन ने आईएएनएस से कहा, "हमने हाल ही में एक पायलट परियोजना के लिए दो हेलीकॉप्टर खरीदे हैं, इन्हें बेंगलुरू में चिकित्सा सेवाओं के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। हमने वहां एक जाने-पाने अस्पताल वैदेही के साथ समझौता किया है।"
उन्होंने कहा, "हम देखेंगे कि यह परियोजना भविष्य में इस क्षेत्र में कैसे विकास कर सकती है।"
आपातकालीन हेलीकॉप्टर चिकित्सा सेवाओं (एचईएमएस) को दुनियाभर में कई लोगों की जिंदगियां बचाने के लिए जाना जाता है। खासकर आपदा प्रबंधन कार्यो, सड़क हादसों के प्रभावितों के बचाव और अन्य दुर्घटनाओं में गम्भीर रूप से घायल लोगों का जीवन बचाने में इन सेवाओं का विशेष योगदान रहा है।
भारत में हवाई एम्बुलेंस की सेवाएं सुचारू रूप से शुरू होने में एक दशक से ज्यादा समय लगेगा लेकिन एक या दो इंजन वाले हेलीकॉप्टर इसके लिए प्रयुक्त किए जाते हैं। इन हवाई एम्बुलेंस को बिना हेलीपैड वाले दूरस्थ इलाकों में भी उतारा जा सकता है।
कृष्णा ने कहा, "हेलीकॉप्टरों में चिकित्सा उपकरणों के अनुरूप तब्दीलियां की जाएंगी। इसमें चिकित्सा उपकरण, स्ट्रैचर्स को रखने लायक स्थान, चिकित्साकर्मियों और मरीज के एक पारिवारिक सदस्य के बैठने लायक स्थान होगा।"
वर्तमान में दुनियाभर में करीब 2,000 आपातकालीन हवाई चिकित्सा सेवाएं कार्यरत रही हैं।
कृष्णा ने कहा कि भारत में हवाई एम्बुलेंस सेवा अपनी शुरुआती अवस्था में है और इसमें अस्पतालों, बीमा कम्पनियों और सरकार की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है।
बेंगलुरू में शुरू पायलट परियोजना के लिए वैदेही अस्पताल, हेलीपैड, चालकों के लिए आवास और हेलीकॉप्टर में ईंधन की व्यवस्था करेगा। ओएसएस एयर मैनेजमेंट ने पायलटों और हेलीकॉप्टरों की आपूर्ति व मशीनों के रखरखाव की जिम्मेदारी संभाली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications