पाकिस्तान ने सड़क मार्ग से प्याज निर्यात रोका
पाकिस्तान के वाणिज्य मंत्रालय के सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तानी प्याज अब सड़क मार्ग के जरिए भारत नहीं भेजी जाएगी बल्कि इसके लिए रेल मार्ग का ही उपयोग किया जाएगा।
अमृतसर आयात एवं निर्यात चैंबर के उपाध्यक्ष राजीव उप्पल ने कहा, "हमें कल (बुधवार) यह खबर मिली कि पाकिस्तान ने सड़क मार्ग के जरिए प्याज के निर्यात पर रोक लगाई है अब यह केवल रेलमार्ग के जरिए भेजी जाएगी।"
उन्होंने कहा, "इसके अलावा उन्होंने निर्यात कम करने का भी फैसला लिया है।"
उप्पल ने कहा कि 21 दिसम्बर के बाद से अवकाश को छोड़कर बाकी हर दिन प्याज के 50 ट्रक भारत पहुंच रहे थे। हर ट्रक में 10 से 12 टन प्याज था।
अटारी सीमा पर उप आयुक्त (सीम शुल्क) ने भी इस सीमा के जरिए प्याज के निर्यात पर रोक लगाए जाने के फैसले की पुष्टि की है।
उन्होंने कहा, "हां, हमें इस संबंध में जानकारी मिली है लेकिन उन्होंने (पाकिस्तान) यह कदम क्यों उठाया है इसका कारण नहीं बताया है।"
भारत पहुंच रही ज्यादातर प्याज पाकिस्तान के सिंध प्रांत का है। व्यापारियों का हालांकि कहना है कि इस प्याज की गुणवत्ता भारतीय प्याज जैसी नहीं है।
आयातक मनिंदर सिंह ने कहा, "हम पाकिस्तान के अचानक लिए गए इस निर्णय से आश्चर्यचकित हैं। कल (बुधवार) प्याज से लदे 270 से ज्यादा ट्रक भारत पहुंचने के लिए सीमा पर इंतजार कर रहे थे। लेकिन उनमें से ज्यादातर को वापस बुला लिया गया और केवल 78 ट्रक को भारत पहुंचने दिया गया।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications