श्रीकृष्ण समिति ने 6 विकल्प सुझाए : चिदम्बरम
चिदम्बरम ने रिपोर्ट पर चर्चा के लिए बुलाई गई सर्वदलीय बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, "मैं सभी राजनीतिक दलों व मामले से जुड़े सभी पक्षों से आग्रह करता हूं कि वे रिपोर्ट को पूरी तरह पढ़े बिना कोई तात्कालिक परिणाम न निकालें। इसमें छह विकल्प सुझाए गए हैं और समिति ने प्रत्येक विकल्प के नफे-नुकसान की जानकारी के साथ अपना दृष्टिकोण भी पेश किया है।"
उन्होंने कहा कि इनमें पहले से तीनों विकल्पों को अव्यवहारिक बताते हुए समिति ने ही खारिज कर दिया है। शेष तीन विकल्पों पर आगे का रास्ता देखा जा सकता है।
चिदम्बरम ने तेलंगाना सहित पूरे आंध्र प्रदेश की जनता व राजनीतिक दलों से आग्रह किया है कि वे इस रिपोर्ट का सम्मान करें और सरकार को सहयोग दें।
उन्होंने कहा कि जिन राजनीतिक दलों ने सर्वदलीय बैठक में हिस्सा नहीं लिया है उनसे भी आग्रह है कि वे पहले रिपोर्ट को पूरी तरह से पढ़ें और उसके बाद अपनी प्रतिक्रिया दें या किसी निष्कर्ष पर पहुंचें।
इस बीच सर्वदलीय बैठक में शामिल हुए सभी दलों ने कहा है कि वे अपने-अपने स्तर पर इस रिपोर्ट का अध्ययन करने के बाद ही अपनी प्रतिक्रिया देंगे और यदि सभी का सहयोग मिला तो मामले का कोई समाधान निकालेंगे।
रिपोर्ट पर विचार के लिए बुलाई गई बैठक में तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस), तेलगु देशम पार्टी (तेदेपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शामिल नहीं हुई। जबकि इसमें कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुसलिमीन (एमआईएम) और प्रजा राज्यम पार्टी के नेता शामिल हुए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications