क्लिंटन ने चीन के विदेश मंत्री से मुलाकात की
वाशिंगटन। चीन के राष्ट्रपति हू जिंताओ के इस महीने होने वाले अमेरिका दौरे से पहले अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने चीन के विदेश मंत्री यांग जेची से मुलाकात की।जिंताओ 19 जनवरी को अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति बराक ओबामा से मुलाकात करेंगे।
इस बैठक में वैश्विक अर्थव्यवस्था और चीन द्वारा अपनी मुद्रा को जान-बूझकर अवमूल्यित रखने को लेकर अमेरिकी चिंता पर बातचीत हो सकती है। इसके अलावा जलवायु परिवर्तन और उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम के मसले पर भी चर्चा हो सकती है। अमेरिका ने इससे पहले उत्तर कोरिया पर लगाम लगाने के लिए चीन से दबाव डाले जाने की मांग की है।
यांग से मुलाकात से पहले क्लिंटन ने कहा, "हम राष्ट्रपति हू जिंताओ के आधिकारिक दौरे की तैयारी कर रहे हैं। यह बेहद महत्वपूर्ण दौरा है। यह एक बड़ी जिम्मेदारी है कि हम दोनों देशों के बीच सहयोग, सकारात्मकता और व्यापक संबंध सुनिश्चित करें।"यांग ने कहा, "यह चीन और अमेरिका के हित में है कि हम अपने संबंधों को बेहतर बनाएं इससे दोनों देशों और विश्व के लोगों को लाभ होगा।"
यांग ने मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार टॉम डॉनिलन से मुलाकात की थी।












Click it and Unblock the Notifications