हरियाणा में गोद लिए जा रहे हैं पक्षी, जानवर
चण्डीगढ़, 6 जनवरी (आईएएनएस)। हरियाणा के लोग विभिन्न आकार-प्रकार व रंगों के पक्षियों, हिरणों और यहां तक कि बाघ जैसे खतरनाक जानवरों को भी गोद लेने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं लेकिन इन सभी पक्षियों, जानवरों को चिड़ियाघरों में दूर से ही देखा जा सकता है।
पक्षियों, जानवरों को गोद दिए जाने की इस योजना के दो मकसद हैं। हरियाणा के चिड़ियाघरों व हिरण उद्यानों में इनके रखरखाव व देखभाल को बेहतर बनाने और स्कूली बच्चों व आम लोगों को इनकी आदतों व आवास के सम्बंध में शिक्षित करने के लिए ऐसा किया जा रहा है।
हरियाणा के वन्यजीव एवं वन मंत्री अजय सिंह यादव ने आईएएनएस को बताया, "हरियाणा सरकार ने राज्य के चिड़ियाघरों व हिरण उद्यानों से आम नागरिकों के पक्षियों व जानवरों को गोद लेने की एक ईमानदार योजना की शुरुआत करने का फैसला लिया है।"
शुरुआत में लोग राज्य के तीन छोटे चिड़ियाघरों पिपली (कुरुक्षेत्र), रोहतक और भिवानी व हिसार में धांसू गांव के नजदीक स्थित हिरण उद्यान से पक्षियों व जानवरों को गोद ले सकेंगे।
हरियाणा के प्रधान मुख्य वन संरक्षक परवेज अहमद कहते हैं, "स्कूली बच्चों और किसानों को वन्यजीवों की आदतों व आवासों के सम्बंध में शिक्षित करने के लिए सभी छोटे चिड़ियाघरों और हिरण उद्यानों में जंगली जानवर और पक्षी हैं।"
वित्तीय आयुक्त एवं प्रधान सचिव (वन) कृष्ण मोहन का कहना है, "मैं उम्मीद करता हूं कि इस योजना से लोगों के बीच वन्यजीवों व पक्षियों के प्रति मोह, चिंता व प्यार पैदा हो सकेगा। जानवर प्रेमियों का यह कदम वन्यजीव संरक्षण में बहुत मददगार होगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications