उत्तर भारत में ठंड का कहर जारी, 12 मरे (राउंडअप इंट्रो)

राजधानी लखनऊ सहित पूरे उत्तर प्रदेश में हाड़कपाऊ ठंड का प्रकोप जारी है। राहत आयुक्त कार्यालय, लखनऊ से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार को ठंड से प्रतापगढ़ में सात लोगों की, बाराबंकी में तीन की और जौनपुर और देविरया में एक-एक की मौत हुई। अब तक ठंड से कुल 48 लोगों की मौत की खबर है।

मौसम विभाग के मिले आंकड़ों के मुताबिक मिर्जापुर का चुर्क एक बार फिर बुधवार को राज्य का सबसे सर्द स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को यहां न्यूनतम तापमान 0.6 दर्ज हुआ था। इसके अलावा वाराणसी 4.2 और इलाहाबाद का न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लखनऊ का न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उत्तर प्रदेश के मौसम विभाग के निदेशक जे.पी.गुप्ता ने संवाददाताओं को बताया कि फिलहाल ठंड से राहत मिलने के आसार कम हैं।

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला की तुलना में दिल्ली में बुधवार को तापमान कम रहा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि शिमला में यह 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

दिल्ली में लोगों को कंपकपाती सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों भी ठिठुरन से राहत मिलने वाली नहीं है।

ताजनगरी आगरा में सर्द हवाओं का दौर बरकरार है और बुधवार को न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सबसे सर्द दिन रहा।

मौसम विभाग के अनुसार शहर में सोमवार को सबसे कम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था और आने वाले दिनों में लोगों को सर्दी से निजात मिलने की संभावना नहीं है।

पंजाब, हरियाणा और उनकी संयुक्त राजधानी चण्डीगढ़ के अधिकतर हिस्सों में बुधवार सुबह कोहरा छाया रहा। इससे सड़क, रेल और हवाई सेवाओं पर असर पड़ा।

चण्डीगढ़ हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया, "सभी उड़ाने एक से दो घंटे की देरी से चल रही हैं।"

हरियाणा के नारनौल शहर में बुधवार को तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सबसे अधिक सर्द है। अम्बाला में तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस रहा। हिसार, करनाल, और भिवानी में न्यूनतम तापमान क्रमश: 5.5, पांच और 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "घने कोहरे के कारण पंजाब, हरियाणा और चण्डीगढ़ के ज्यादातर इलाकों में दृश्यता शून्य रही। इन इलाकों में सर्दी और ठिठुरन का असर भी बना हुआ है और इसे अगले दो दिनों तक बने रहने की संभावना है।"

अमृतसर में लोग ठंड से बेहद परेशान हैं बुधवार को यहां तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जबकि पटियाला और लुधियाना में यह क्रमश: 3.8 और 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कश्मीर घाटी और लद्दाख क्षेत्र में लोगों को कड़ाके की सर्दी से राहत मिलती नजर नहीं आ रही। श्रीनगर में स्थानीय मौसम विभाग के सहायक मौसम विज्ञानी ए. आर. जरगर ने बताया, "श्रीनगर में बुधवार को न्यूनतम तापमान औसत से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लेह में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा जबकि कारगिल में यह शून्य से 18 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।"

जरगर ने कहा कि उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 9.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा जबकि दक्षिणी कश्मीर के पहलगाम यह शून्य 11.6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

दक्षिणी कश्मीर के काजीगुंड शहर में बुधवार को न्यूनतम तापमान लुढ़कर शून्य से 10.6 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से छह डिग्री सेल्सियस नीचे है।

पश्चिमोत्तर भारत में राजस्थान भी सर्दी की चपेट में हैं। इससे आम जनजीवन पर असर पड़ा है और राज्य का पर्यटन उद्योग प्रभावित हुआ है।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अधिकतर जगहों पर न्यूनतम तापमान तीन से चार डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया जा रहा है।

राजधानी जयपुर अधिक सर्द रही और रात में तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो बुधवार सुबह तक बरकरार रहा।

बिकानेर में बुधवार को तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो राज्य में सबसे अधिक सर्द रहा जबकि माउंट आबू में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रहा।

मध्य प्रदेश में शीत लहर का प्रकोप दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। कड़ाके की ठंड से बच्चों को राहत देते हुए सरकार ने छह जनवरी से 15 जनवरी तक प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों में अवकाश घोषित की है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैाहान ने पत्रकारों से कहा कि छह से 15 जनवरी तक राज्य के प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों (पहली से आठवीं तक) में अवकाश के लिए सभी जिलाधिकारियों को आदेश दिए गए हैं।

जबलपुर में ठंड कहर बनकर टूटी है। यहां के एमएलबी विद्यालय की पांच छात्राएं ठंड के कारण बेहोश हो गईं। एक छात्रा के मुंह से खून भी आया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक एस.पी. जैन ने बताया कि ठंड ज्यादा होने के कारण बच्चे बेहोश हो रहे हैं।

भोपाल स्थित मौसम विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय के मुताबिक बीते 24 घंटों में उमरिया और गुना सबसे ज्यादा ठंडे रहे, यहां तापमान एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूरे राज्य में न्यूनतम तापमान एक से आठ डिग्री सेल्सियस के बीच है।

दूसरी ओर सर्दी के चलते फसलों पर पाले का खतरा मंडराने लगा है। कृषि संचालक डा. पी.एन. शर्मा ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट होने से फसलों को पाले का खतरा है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+