मप्र में लड़की भगाने पर लड़के की मां के बाल काटे
जानकारी के मुताबिक नानपुर थाना क्षेत्र के जवानिया गांव की जनजातीय वर्ग की मनीबाई का लड़का जंगी का भीलवेडा की एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पिछले दिनों जंगी दूसरी बार अपनी प्रेमिका को भगाकर ले गया। इस पर जनजातीय वर्ग के समाज की पंचायत बुलाई गई। इस पंचायत में दोनों पक्षों में जमकर विवाद हुआ और लड़की पक्ष के लोगों ने मनीबाई के बाल काट दिए।
नानपुर थाना प्रभारी जे.सी. पाटीदार ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि मनीबाई का लड़का जंगी पूर्व में भीलवेड़ा की एक लड़की को भगा ले गया था। लड़की के परिजनों ने बाद में लड़की की शादी दूसरे गांव में कर दी। इसके बाद भी दोनों के सम्पर्क कायम रहे। पिछले दिनों लड़की जवानिया अपने रिश्तेदार के यहां आई थी और मौका पाकर जंगी के साथ भाग गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया है कि दोनों पक्षों में मारपीट हुई और मनीबाई के बाल उखड़ गए। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications