उत्तर प्रदेश में ठंड का प्रकोप, 12 की मौत
राहत आयुक्त कार्यालय, लखनऊ से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार को ठंड से प्रतापगढ़ में सात लोगों की, बाराबंकी में तीन की और जौनपुर और देविरया में एक-एक की मौत हुई। अब तक ठंड से कुल 48 लोगों की मौत की खबर है।
मौसम विभाग के मिले आंकड़ों के मुताबिक मिर्जापुर का चुर्क एक बार फिर बुधवार को राज्य का सबसे सर्द स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कल यहां न्यूनतम तापमान 0.6 दर्ज हुआ था। इसके अलावा वाराणसी 4.2 और इलाहाबाद का न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लखनऊ का न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिन में धूप खिलने के बावजूद लोग ठिठुरते नजर आए।
उत्तर प्रदेश के मौसम विभाग के निदेशक जे.पी.गुप्ता ने संवाददाताओं को बताया कि फिलहाल ठंड से राहत मिलने के आसार कम हैं।
ठंड के मद्देनजर राज्य सरकार की तरफ से जिला प्रशासन को आवश्यक स्थानों पर अलाव जलाने के निर्देश दिए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications