उत्तर भारत में अभी और कंपाएगी सर्दी (राउंडअप)

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला की तुलना में दिल्ली में बुधवार को तापमान कम रहा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि शिमला में यह 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

दिल्ली में लोगों को कंपकपाती सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों भी ठिठुरन से राहत मिलने वाली नहीं है।

ताजनगरी आगरा में सर्द हवाओं का दौर बरकरार है और बुधवार को न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सबसे सर्द दिन रहा।

मौसम विभाग के अनुसार शहर में सोमवार को सबसे कम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था और आने वाले दिनों में लोगों को सर्दी से निजात मिलने की संभावना नहीं है।

पंजाब, हरियाणा और उनकी संयुक्त राजधानी चण्डीगढ़ के अधिकतर हिस्सों में बुधवार सुबह कोहरा छाया रहा। इससे सड़क, रेल और हवाई सेवाओं पर असर पड़ा।

इन इलाकों में घने कोहरे की वजह से यातायात की गति काफी धीमी रही। चण्डीगढ़ से चलने वाली ज्यादातर रेलगाड़ियां निर्धारित समय की देरी से चल रही हैं। चण्डीगढ़ में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस रहा, जो मंगलवार के तापमान से करीब तीन डिग्री कम है।

सर्दी और कोहरे के कारण चण्डीगढ़ हवाई अड्डे पर उड़ानों का संचालन भी प्रभावित रहा। हवाई अड्डे एक अधिकारी ने बताया, "सभी उड़ाने एक से दो घंटे की देरी से चल रही है।" सर्द हवाओं की वजह से इन इलाकों में तापमान काफी लुढ़का है।

हरियाणा के नारनौल शहर में बुधवार को तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सबसे अधिक सर्द है। अम्बाला में तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस रहा। हिसार, करनाल, और भिवानी में न्यूनतम तापमान क्रमश: 5.5, पांच और 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "घने कोहरे के कारण पंजाब, हरियाणा और चण्डीगढ़ के ज्यादातर इलाकों में दृश्यता शून्य रही। इन इलाकों में सर्दी और ठिठुरन का असर भी बना हुआ है और इसे अगले दो दिनों तक बने रहने की संभावना है।"

अमृतसर में लोग ठंड से बेहद परेशान हैं बुधवार को यहां तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जबकि पटियाला और लुधियाना में यह क्रमश: 3.8 और 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कश्मीर घाटी और लद्दाख क्षेत्र में लोगों को कड़ाके की सर्दी से राहत मिलती नजर नहीं आ रही। श्रीनगर में स्थानीय मौसम विभाग के सहायक मौसम विज्ञानी ए. आर. जरगर ने बताया, "श्रीनगर में बुधवार को न्यूनतम तापमान औसत से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लेह में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा जबकि कारगिल में यह शून्य से 18 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।"

जरगर ने कहा कि उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 9.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा जबकि दक्षिणी कश्मीर के पहलगाम यह शून्य 11.6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

दक्षिणी कश्मीर के काजीगुंड शहर में बुधवार को न्यूनतम तापमान लुढ़कर शून्य से 10.6 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से छह डिग्री सेल्सियस नीचे है।

घाटी में पिछले एक पखवाड़े से सर्द हवाओं के कारण ठंड बढ़ी है। जरगर ने कहा, " राज्य में अगले 24 घंटों के दौरान सर्द और शुष्क हवाओं का दौर बना रहेगा। समूची घाटी और लद्दाख क्षेत्र में रात के दौरान आसमान साफ रहने की वजह से न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे बना रहेगा।"

उधर, मध्य प्रदेश सरकार ने ठिठुरनभरी सर्दी के कारण छह से 15 जनवरी तक सभी विद्यालयों में छुट्टी घोषित कर दी है। इसके लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तमाम जिलाधिकारियों को आदेश जारी किए हैं।

भोपाल में मौसम विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक बीते 24 घंटों में उमरिया और गुना सबसे ज्यादा सर्द रहे, जहां तापमान एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूरे सूबे में न्यूनतम तापमान एक से आठ डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। साथ ही सर्द हवाओं का दौर जारी है।

राज्य का अधिकांश हिस्से पिछले एक सप्ताह से शीतलहर की गिरफ्त में है और आने वाले दिनों में भी मौसम के हालात यथावत बने रहने आसार हैं।

पश्चिमोत्तर भारत में राजस्थान भी सर्दी की चपेट में हैं। इससे आम जनजीवन पर असर पड़ा है और राज्य का पर्यटन उद्योग प्रभावित हुआ है।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अधिकतर जगहों पर न्यूनतम तापमान तीन से चार डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया जा रहा है।

राजधानी जयपुर अधिक सर्द रही और रात में तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो बुधवार सुबह तक बरकरार रहा।

बिकानेर में बुधवार को तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो राज्य में सबसे अधिक सर्द रहा जबकि माउंट आबू में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रहा।

पिलानी और चुरु में बुधवार को तापमान 1.5 और 2.2 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि उदयपुर में यह 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से तीन डिग्री कम है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+