तासीर को सुपूर्द-ए-खाक किया गया (लीड-2)
इसके पहले बुधवार अपराह्न् गवर्नर हाउस में एक शोकसभा आयोजित की गई। शोकसभा में हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। हिस्सा लेने वालों में राजनीतिज्ञ, सरकारी अधिकारी, विदेशी राजनयिक और अन्य कई सारे लोग शामिल थे।
पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) की उलेमा शाखा के अलामा अफजल चिस्ती ने शोकसभा का नेतृत्व किया।
राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी स्वयं अंतिम संस्कार में उपस्थित नहीं हो सके। उन्होंने अपनी बहन और सांसद फरयाल तालपुर को अंतिम संस्कार में अपने प्रतिनिधि के रूप में भेजा था। जरदारी ने तासीर के शव पर अर्पित करने के लिए पुष्प भी भेजे थे।
जियो टीवी के अनुसार पाकिस्तानी ध्वज में लिपटा तासीर का शव हेलीकॉप्टर के जरिए कब्रिस्तान ले जाया गया। वरिष्ठ सरकारी अधिकारी शव के साथ थे।
पंजाब पुलिस की एक टुकड़ी ने कैवेलरी ग्राउंड में तासीर को अंतिम सलामी दी।
प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी, विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी और आंतरिक मंत्री रहमान मलिक के अलावा अन्य कई हस्तियां कैवेलरी ग्राउंड स्थित शुहादा कब्रिस्तान में उपस्थित थीं।
अंतिम संस्कार में हिस्सा लेने वाले अन्य लोगों में मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट (एमक्यूएम) के हैदर अब्बास रिजवी, बाबर घौरी, वासय जलील, राजा हारून और सैफ यार खान जैसे नेता शामिल थे। पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के नेताओं में मलिक नदीम कामरान और हाजी एहसानुद्दीन कुरैशी के अलावा अन्य कई नेता शामिल वहां उपस्थित थे।
तासीर के शोक में बुधवार को सभी सरकारी इमारतों व कार्यालयों पर पाकिस्तानी ध्वज आधा झुका दिया गया। संघीय सरकार ने तासीर की स्मृति में तीन दिनों के राष्ट्रीय शोक की मंगलवार को घोषणा की थी।
तासीर के अंतिम संस्कार के मद्देनजर शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।
गवर्नर हाउस में हुई शोकसभा के दौरान वहां लगभग 4,000 पुलिसकर्मियों और रेंजरों को तैनात किया गया था। कब्रिस्तान की ओर जाने वाले मार्ग पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई थी।
ज्ञात हो कि तासीर के विशेष सुरक्षा दस्ते के एक सदस्य ने मंगलवार को उस समय गोली मार कर उनकी हत्या कर दी थी, जब वह इस्लामाबाद के कौशर बाजार में एक कॉफी की दुकान से निकल कर अपनी कार की ओर बढ़ रहे थे। हत्यारे मुमताज कादरी ने इस घटना के तत्काल बाद आत्मसमर्पण कर दिया था।
तासीर पाकिस्तान में इस्लामी आतंकवाद के मुखर आलोचक थे और राष्ट्रपति जरदारी के विश्वासपात्र थे।
तासीर ने भारतीय पत्रकार तवलीन सिंह से शादी की थी। दोनों के बीच एक बेटा हुआ और उसके बाद दोनों का तलाक हो गया था।
आंतरिक मंत्री रहमान मलिक ने इस हत्याकांड की जांच के लिए एक संयुक्त जांच दल गठित किया है। मलिक ने कहा, "हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि यह हमलावर की व्यक्तिगत करतूत थी या इसके पीछे किसी और का भी हाथ था।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications