कलमाडी पूछताछ के लिए सीबीआई कार्यालय पहुंचे
नई दिल्ली, 5 जनवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाडी बुधवार सुबह पूछताछ के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के कार्यालय पहुंच गए। कलमाडी पर खेलों की तैयारी में वित्तीय अनियमितताओं के आरोप हैं।
सीबीआई ने 24 दिसम्बर को कलमाडी के दिल्ली और पुणे स्थित आवासों पर तथा राजधानी स्थित आयोजन समिति के कार्यालय पर छापे मारे थे। दो महीने पहले सम्पन्न हुए राष्ट्रमंडल खेलों में भारी वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगे थे।
सीबीआई लंदन में अक्टूबर 2009 में हुए क्वींस बैटन रिले समारोह के दौरान दिए गए ठेकों के साथ ही खेलों के अथलेटिक्स आयोजन के लिए 107 करोड़ रुपये के टाइमिंग उपकरण खरीदने से सम्बद्ध ठेका देने में हुई अनियमितता की जांच कर रही है।
कलमाडी का दावा है कि उन्होंने कोई गड़बड़ी नहीं की है और वह किसी भी जांच का सामना करने को तैयार हैं।
कलमाडी के तीन सहयोगियों- टी.एस.दरबारी, संजय महेंद्रू और एम.जयचंद्रन पहले से ही हिरासत में हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications