वार्ताकारों ने बदली कश्मीर बातचीत की दिशा : चिदम्बरम
नई दिल्ली, 4 जनवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम ने मंगलवार को यहां कहा कि जम्मू एवं कश्मीर में कानून व्यवस्था की स्थिति में काफी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा नियुक्त वार्ताकार अशांत घाटी में 'बातचीत की दिशा बदलने' में सक्षम हुए हैं।
चिदम्बरम ने कहा, "घाटी में तीन महीने तक चला आंदोलन दुर्भाग्यपूर्ण और अत्यंत दुखद था। हालांकि, सर्वदलीय संसदीय शिष्टमंडल और वार्ताकारों के दौरों से कानून और व्यवस्था की स्थिति में महत्वपूर्ण सुधार हुआ है।"
अपने मंत्रालय की मासिक रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करते हुए चिदम्बरम ने पत्रकारों से कहा, "खासकर, वार्ताकार बातचीत की दिशा बदलने और समस्या का राजनीतिक हल निकालने के लिए विभिन्न गुटों को अपनी सलाह देने के लिए तैयार करने में सक्षम हुए।"
उन्होंने बताया कि एक संसदीय दल ने जम्मू एवं कश्मीर से सम्बंधित मुद्दों पर दिसम्बर में चर्चा की। जबकि वार्ताकारों में शामिल वरिष्ठ पत्रकार दिलीप पडगांवकर, प्रख्यात शिक्षाविद राधा कुमार और अर्थशास्त्री एम.एम. अंसारी ने पिछले महीने राज्य का तीसरी बार दौरा किया।
चिदम्बरम ने बताया, "दौरे के समय वार्ताकारों ने राज्यपाल एन.एन. वोहरा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, मुख्य राजनीतिक पार्टियों के वरिष्ठ नेताओं, वरिष्ठ नौकरशाहों और पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने जम्मू शहर, पुंछ, राजौरी, श्रीनगर और लांगेट में 130 शिष्टमंडलों से भी मुलाकात की।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications