कर्नाटक स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा को शुरुआती बढ़त (लीड-1)
बेंगलुरू, 4 जनवरी (आईएएनएस)। कर्नाटक में सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने स्थानीय निकाय चुनावों की मतगणना में शुरुआती बढ़त हासिल कर ली है। प्रदेश के मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा के पद पर बने रहने के लिए इस चुनाव के परिणाम काफी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
सुबह आठ बजे 171 केंद्रों पर शुरू हुई मतगणना में 10 बजे तक कुल 30 जिला पंचायतों में से भाजपा 14 पर बढ़त बनाए हुए है वहीं कांग्रेस सात और जनता दल सेक्युलर (जेडीएस) चार जिला पंचायतों में आगे है।
वहीं 176 उप जिला पंचायतों में भाजपा 20 उप जिला पंचायतों में आगे है जबकि कांग्रेस 10 और जेडीएस सात में बढ़त बनाए हुए है।
प्रदेश में 26 दिसम्बर, 31 दिसम्बर और 1 जनवरी को तीन चरणों में 30 जिला और 176 उप जिला पंचायतों के चुनाव में करीब 2.1 करोड़ मतदाताओं ने मतदान किया था। चुनाव में 65 प्रतिशत मतदान हुआ जिसमें से महिला मतदाताओं की संख्या करीब 50 प्रतिशत रही।
सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और दो विपक्षी पार्टियों कांग्रेस और जनता दल-सेक्युलर (जेडीएस) के बीच जिला पंचायत की 1,013 और उप जिला पंचायत की 3,659 सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला है।
मतगणना के ज्यादातर नतीजे दोपहर तक घोषित होने के आसार हैं। इन चुनावों के लिए पहली बार यहां इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों का उपयोग किया गया है।
बेंगलुरू में अपने परिजनों को जमीन आवंटित करने के आरोप में फंसे मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुप्पा ने इस चुनाव अभियान का नेतृत्व किया है।
मई 2008 में प्रदेश में भाजपा के सत्ता में आने के बाद से यह स्थानीय निकायों का पहला चुनाव है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications