सूरी के हत्यारे को अब तक नहीं ढूंढ पाई पुलिस (लीड-1)
पुलिस ने हालांकि उन खबरों का खंडन किया है कि सूरी के सहयोगी तथा संदिग्ध भानु किरण को गिरफ्तार कर लिया गया है या फिर उसने खुद को पुलिस के हवाले कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि जुबली हिल्स के निकट युसूफगौडा में सोमवार को नवोदय कॉलोनी में एक कार में ही 39 वर्षीय सूरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। कार चालक मधुमोहन रेड्डी ने पुलिस को बताया कि किरण ही सूरी के साथ पिछली सीट पर बैठे थे और उसी ने साइलेंसर युक्त बंदूक का प्रयोग कर सूरी के सिर में दो गोली मारी थी।
किरण हालांकि घटना के बाद से ही फरार है। कार का चालक उन्हें घायलावस्था में अस्पताल ले गया।
हैदराबाद के पुलिस आयुक्त ए. के. खान ने कहा कि कार चालक के बयान की पुष्टि करने की कोशिश की जा रही है क्योंकि इस घटना का एक मात्र चश्मदीद वही है।
एक सम्पत्ति विवाद में रुपयों के बंटवारे को लेकर भानु के सूरी से मतभेद होने की वजह से उन पर हत्या का संदेह है। बेंगलुरू व हैदराबाद के बीच काम करने वाला सूरी कथित तौर पर सम्पत्ति के क्रय-विक्रय का काम करता था।
वैसे सूरी के कुछ रिश्तेदारों को संदेह है कि उनके प्रतिद्वंद्विओं ने हत्या के लिए भानु को सुपारी दी थी। सूरी के रिश्तेदार और दर्जनों समर्थक अस्पताल के बाहर एकत्र हुए थे। सूरी के शव को अनंतपुर जिले में उनके उनके पैतृक निवास मेडीलाचेरवू ले जाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि आंध्र प्रदेश के पूर्व मंत्री और तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के नेता रवि की हत्या के मामले में तथा वर्ष 1997 में जुबली हिल्स में हुए कार बम विस्फोट में भी सूरी मुख्य अभियुक्त थे। विस्फोट में 26 लोग मारे गए थे।
कांग्रेस समर्थक सूरी को कार बम विस्फोट मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी लेकिन दिसम्बर 2009 में उन्हें जमानत मिल गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications