बिहार : अपहरण मामले में अभी तक कोई सुराग नहीं
पुलिस अधिकारियों ने बेगूसराय में मंगलवार को कहा कि जिले के सरौंजा गांव के मोहम्मद शाहराजा को 30 दिसम्बर को अगवा कर लिया गया था और अपहर्ताओं ने उसकी रिहाई के बदले 25 लाख रुपये की फिरौती मांगी है।
युवक के पिता मोहम्मद सलीम ने कहा कि उन्होंने पहली जनवरी को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस अभी तक उनके बेटे का पता नहीं लगा पाई है।
सलीम ने आईएएनएस को फोन पर बताया, "जब मैंने 31 दिसम्बर को पुलिस से सम्पर्क किया तो पुलिस अधिकारियों ने अपहरण का मामला दर्ज करने से इंकार कर दिया। पुलिस उपाधीक्षक के समक्ष सैकड़ों क्रुद्ध ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया, तब जाकर पहली जनवरी को मामला दर्ज किया गया।"
बिहार में अपहरण की नई घटनाओं ने परिजनों, अध्यापकों और स्कूल प्रशासन की नींद हराम कर दी है, क्योंकि पिछले 10 दिनों के दौरान अगवा किए गए स्कूली विद्यार्थियों सहित कई लोगों की हत्या की जा चुकी है।
पिछले कुछ दिनों के दौरान अगवा किए गए स्कूली बच्चों, गोलू, नीरज, अमरजीत कुमार और अन्य लोगों की हत्याओं से दहशत की स्थिति पैदा हो गई है।
पुलिस ने पिछले सप्ताह सीमामढ़ी जिले के डुमरा ब्लॉक निवासी राजीव सिंह का शव बरामद किया था। लगभग दो सप्ताह पहले उनका अपहरण कर लिया गया था।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक पी.के.ठाकुर ने स्वीकार किया है कि राज्य में अपहरण की घटनाओं में अचानक आई तेजी से पुलिस चिंतित है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications