ईयू, अमेरिका को आमंत्रित करेगा ईरान
तेहरान, 4 जनवरी (आईएएनएस)। ईरान ने मंगलवार को कहा कि वह इस महीने अपने परमाणु स्थलों के निरीक्षण के लिए यूरोपीय संघ (ईयू) और अमेरिका को आमंत्रित करने की योजना बना रहा है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रामीन मेहमानपरस्त ने कहा कि तेहरान, परमाणु वार्ता में शामिल छह देशों के प्रतिनिधियों सहित यूरोपीय संघ और गुटनिरपेक्ष आंदोलन के प्रतिनिधियों को परमाणु स्थलों के निरीक्षण के लिए आमंत्रित करेगा। परमाणु वार्ता में शामिल छह देशों में ब्रिटेन, चीन, फ्रांस, जर्मनी, रूस और अमेरिका शामिल हैं।
मेहमानपरस्त ने इस कदम को सद्भावना का एक संकेत बताया है, जो इस बात का सबूत होगा कि ईरान अपनी परमाणु गतिविधियों को पारदर्शी तरीके से चला रहा है।
ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर अंतर्राष्ट्रीय बातचीत इस भय के कारण शुरू हुई है कि वह अपने परमाणु कार्यक्रम का इस्तेमाल परमाणु हथियार तैयार करने के लिए कर रहा है। लेकिन ईरान ने इन आरोपों से इंकार किया है। उसने कहा है कि उसका परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए है।
मेहमानपरस्त ने कहा है कि अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधियों का ईरान दौरा अगले दौर की परमाणु वार्ता से पहले हो सकता है। अगले दौर की परमाणु वार्ता जनवरी के अंत में इस्तांबुल में होनी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications