सबूत पर आधारित है चिदम्बरम का पत्र : प्रणब
कोलकाता, 2 जनवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने रविवार को कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम ने सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कार्यकताओं से शस्त्र वापस लेने से सम्बंधित जो पत्र मुख्यमंत्री बुद्धदेब भट्टाचार्य को लिखा है, वह 'सबूत और सूचना' पर आधारित है।
मुखर्जी ने यहां मीडियाकर्मियों से कहा, "केंद्रीय गृह मंत्री ने सबूत और सूचना के आधार पर पत्र लिखा था और कई मुद्दों पर मुख्यमंत्री की राय मांगी थी। उन्होंने मुख्यमंत्री को कुछ मुद्दों पर कार्रवाई करने की सलाह दी थी जो उनका (केंद्रीय गृह मंत्री) दायित्व है और जवाबदेही भी।"
उल्लेखनीय है कि चिदम्बरम ने भट्टाचार्य को पिछले हफ्ते लिखे पत्र में कहा है कि केंद्र सरकार को शिकायत मिली है कि "मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के सशस्त्र कार्यकर्ताओं को उन इलाकों में ग्राम रक्षा समूह के सदस्यों के रूप में तैनात किया गया है, जहां नक्सली हमले हुआ करते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications