उत्तर भारत में सर्द हवाओं का दौर बरकरार (राउंडअप)

पर्वतीय इलाकों से आ रही बर्फीली हवाओं से लखनऊ सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेशवासियों को आने वाले दिनों में बर्फीली हवाओं से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

सर्द हवाओं के कारण दिन में भी भीषण सर्दी और ठिठुरन महसूस की जा रही है। बीते 24 घंटों में इटावा राज्य का सबसे सर्द स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के निदेशक जे.पी.गुप्ता ने संवाददाताओं को बताया कि अगले कुछ दिनों में मौसम यथावत रहेगा। उन्होंने ठंड और कोहरा बढ़ने के आसार जताए हैं।

आगरा शहर में कड़ाके की सर्दी को देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों को दो दिनों तक बंद रखने का आदेश दिया है। सोमवार को स्कूल बंद रहे जबकि मंगलवार को भी बंद रहेंगे। जिलाधिकारी अमृत अभिजात ने यह जानकारी दी।

एक शिक्षक हरि दत्त शर्मा ने बताया कि बुधवार को गुरु गोबिंद सिंह जयंती होने की वजह से अवकाश का दिन है इसलिए ऐसी संभावना है कि स्कूल 10 जनवरी तक ही खुल पाएंगे।

सर्द हवाओं ने पूरे मध्य प्रदेश को कंपकपा दिया है और शीतलहर का असर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। यही कारण है कि तापमान दो डिग्री सेल्सियस से भी नीचे पहुंच गया है।

मौसम विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक उत्तर-दक्षिण हवाओं का असर लगातार बढ़ रहा है और इसी के कारण प्रदेश में ठंड अपना असर दिखा रही है। यहां सबसे ठंडा उमरिया रहा, जहां तापमान दो डिग्री पर पहुंच गया है।

मैासम विभाग का पूर्वानुमान है कि आने वाले कुछ दिनों मे ठंड कम होने के कोई आसार नहीं है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों का तापमान पांच डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।

वहीं दूसरी ओर प्रदेश के कई हिस्सों में धूप खिली हुई है और वह ठंडी हवाओं के बीच हर किसी को राहत दे रही है।

पंजाब, हरियाणा और चण्डीगढ़ शहर के विभिन्न भागों में सर्द हवाओं का दौर सोमवार को भी जारी रहा, जिसकी वजह से लोगों को और ज्यादा ऊनी कपड़े पहनने के लिए विवश होना पड़ा।

हरियाणा का नारनौल कस्बा क्षेत्र का सबसे सर्द स्थान रहा। यहां न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे था।

हरियाणा के अम्बाला, हिसार और करनाल सोमवार सुबह का तापमान क्रमश: 7.3 डिग्री सेल्सियस, 5.6 डिग्री सेल्सियस तथा 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चण्डीगढ़ का न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कड़ाके की सर्दी को देखते हुए चण्डीगढ़ प्रशासन ने निजी और सरकारी प्राथमिक स्कूलों की शीतकालीन छुट्टियों को नौ जनवरी तक बढ़ा दिया है।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "पूरे क्षेत्र में सर्द हवाएं चल रहीं हैं। सोमवार को अम्बाला में कोहरा छाया रहा जबकि अन्य क्षेत्रों में यह दिखाई नहीं दिया। अगले दो दिनों तक हम ऐसी ही स्थिति बरकार रहने की उम्मीद कर रहे हैं।"

हरियाणा की तुलना में पंजाब अधिक गर्म रहा। अमृतसर में सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना और पटियाला में क्रमश: 8.9 और 7.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

उधर, जम्मू एंव कश्मीर में सोमवार को बेहद सर्द हवाओं का दौर बरकरार रहा और लद्दाख क्षेत्र के लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 23 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया।

स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के सहायक मौसम विज्ञानी एम. एस. वानी ने बताया, "ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में सोमवार को तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

लद्दाख क्षेत्र के लेह में यह शून्य से 23 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया जबकि कारगिल में तापमान शून्य से 18.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। पहलगाम और गुलमर्ग में तापमान क्रमश: 12.4 व 11.7 डिग्री दर्ज किया गया।"

उन्होंने कहा कि कश्मीर घाटी में लोगों को फिलहाल सर्द हवाओं से निजात नहीं मिलने वाली है।

वानी ने बताया, "अगले 24 घंटों के दौरान शुष्क व सर्द हवाओं का दौर बना रहेगा और रात में आसमान साफ रहने की संभावना है। इससे तापमान में और गिरावट के आसार दिख रहे हैं।"

श्रीनगर में सर्द हवाओं और कड़ाके की ठंड की वजह से सोमवार सुबह ज्यादातर लोगों ने घर में रहना ही उचित समझा और इसके चलते सड़के सुनसान रहीं।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+